आगराः घर में घुसे नकाबपोश, पिस्टल से हमला…बहू की चीख पर दौड़ी कॉलोनी, दो लुटेरे दबोचे
आगरा के शमसाबाद रोड स्थित नेहरू एनक्लेव कॉलोनी में शुक्रवार रात लूट की सनसनीखेज वारदात में नशे में धुत दो बदमाशों ने हार्डवेयर व्यापारी के घर धावा बोल दिया। बहू को बंधक बनाकर पिटाई की गई, लेकिन घर में मौजूद बेटी की सूझबूझ और समय रहते कॉलोनी की भीड़ इकट्ठा होने से बड़ी वारदात टल गई। लोगों ने दोनों बदमाशों को मौके पर धर दबोचा, जबकि उनके दो साथी फरार हो गए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
शमसाबाद मार्ग स्थित नेहरू एनक्लेव कॉलोनी सदर में शुक्रवार रात लगभग 8:30 बजे हार्डवेयर व्यापारी महेंद्र पाल वर्मा के घर लूट का प्रयास हुआ। परिवार के अधिकांश सदस्य शादी समारोह में गए थे, जबकि घर पर व्यापारी की बेटी मुस्कान और बहू पूनम (28) मौजूद थीं।
रात में पूनम बाजार से लौटीं। उसी दौरान दो बदमाश उनके पीछे-पीछे घर में घुस आए। अंदर पहुंचते ही दोनों ने उन्हें पकड़ लिया, हाथ-पैर और मुंह को टेप से बांध दिया और कमरे में खींचकर ले गए। विरोध करने पर उन्होंने पिस्टल से प्रहार कर पूनम के सिर पर चोट भी पहुंचाई।
इधर रसोई में मौजूद ननद मुस्कान ने दो अजनबियों को घर में घुसते देख लिया था। जैसे ही उसे भाभी की चीखने की आवाज सुनाई दी, वह दौड़कर बाहर गेट तक आई और शोर मचा दिया। उसकी चीख सुनकर कॉलोनी के लोग इकठ्ठा हो गए। उसी समय कई लोग इलाके में टहल रहे थे, जिन्होंने भी तुरंत घर की ओर दौड़ लगा दी।
भीड़ देखते ही बदमाश घबरा गए। इनमें से एक ने नकली पिस्टल निकालकर लोगों को डराने की कोशिश की, लेकिन मौके पर पहुंचे वीर नामक युवक ने दोनों को जमीन पर गिराकर दबोच लिया। वहीं घर के बाहर पहरा दे रहे उनके दो साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद डीसीपी सिटी सैयद अब्बास और एसीपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पकड़े गए दोनों बदमाशों विशाल और रमन को हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि दोनों नशे में थे और एक आरोपी पहले भी लूट व चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस दोनों से उनके फरार साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है। वहीं कॉलोनी वासियों का दावा है कि चार बदमाश पहुंचे थे, लेकिन पुलिस के मुताबिक अभी तक जांच में दो ही लोगों के घर में घुसने की पुष्टि हुई है।
Bottom of Form