आगराः स्वर्णिम श्रृंगार में झलके श्याम बाबा, धनतेरस पर दीपोत्सव का हुआ शुभारंभ

आगरा। धनतेरस के पावन अवसर पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में दीपोत्सव का शुभारंभ भक्तिभाव और उल्लास के साथ हुआ। पूरे मंदिर परिसर को नील पुष्पों और रंग-बिरंगी रोशनियों से सजाया गया, जहां श्याम बाबा का स्वर्ण मुकुट और कुंडल धारण किए हुए स्वर्णिम श्रृंगार भक्तों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

Oct 18, 2025 - 19:44
 0
आगराः स्वर्णिम श्रृंगार में झलके श्याम बाबा, धनतेरस पर दीपोत्सव का हुआ शुभारंभ
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में धनतेरस पर दीपोत्सव के अवसर पर नील पुष्पों से सजे श्याम बाबा के स्वर्णिम श्रृंगार का दिव्य दर्शन करते श्रद्धालु। संध्या आरती के पश्चात दीपमालिका सजाते भक्त।  

अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि धनतेरस पर्व पर श्याम बाबा का विशेष श्रृंगार, भव्य पोशाक और छप्पन भोग सेवा श्रद्धालु अमरनाथ मंगल की ओर से समर्पित की गई, वहीं दीपोत्सव सेवा अमित गोयल द्वारा की गई।

संध्या आरती के पश्चात मंदिर प्रांगण में दीपमालिका सजाकर श्रद्धालुओं ने दीपदान किया। सैकड़ों दीपों की ज्योति से मंदिर प्रांगण आलोकित हो उठा और वातावरण “श्याम नाम” के जयघोष से गूंज उठा। इसके उपरांत भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने “श्याम तेरी बंसी पुकारे” और “ले चलो श्याम धाम” जैसे मधुर भजनों पर झूमते हुए दीपोत्सव का आनंद लिया।

पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, सौंदर्य और दीपों की ज्योति का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। इस अवसर पर मंदिर समिति विकास गोयल, विपिन बंसल, संजय अग्रवाल, हेमेंद्र अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor