आगराः मकान पर कब्जा कराने पहुंची थी ट्रांस यमुना पुलिस, इसी दौरान महिला छत से गिरी, बवाल

आगरा। आगरा पुलिस एक बार फिर से प्रॊपर्टी पर कब्जे कराने को लेकर सुर्खियों में आ गई है। इस बार ट्रांस यमुना थाना पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में है। आरोप है कि एक मकान पर कब्जा दिलाने पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घर में तांडव मचाया। गाली-गलौज के साथ जमकर अभद्रता की। पुलिस जब घर में मौजूद थी, तभी एक महिला छत से गिर गई। इसके बाद पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि पुलिस ने उसे धक्का देकर गिराया। अब पुलिस मामले की लीपापोती पर जुटी हुई है घायल महिला का निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।

Jul 18, 2025 - 17:51
 0
आगराः मकान पर कब्जा कराने पहुंची थी ट्रांस यमुना पुलिस, इसी दौरान महिला छत से गिरी, बवाल
ट्रांस यमुना क्षेत्र के आयुष विहार में पुलिस दबिश के दौरान महिला के छत के गिरने से मौके पर एकत्रित लोग। इंसेट में छत से गिरकर घायल हुई महिला।

-परिजनों का आरोप- बहू ने दरवाजा नहीं खोला तो पड़ोसी की छत से घुसी पुलिस, इसी दौरान धक्का देकर बहू को छत से गिराया

घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे की है। आयुष विहार की रहने वाली प्रेमलता पत्नी शिशुपाल ने बताया कि उसका मकान को लेकर बबली से विवाद चल रहा है। बताया कि एक वर्ष पहले उन्होंने अपना मकान बबली को बेचा था। 1.11 लाख रुपये एडवांस मिले थे। इसके बाद 7.70 लाख रुपये देने का वादा हुआ, लेकिन यह रुपये नहीं दिए गए। बबली ने बाकी रकम के लिए चेक दिए थे, जो बाउंस हो गए। इसके बाद उन्होंने बैनामा नहीं किया। उनका मामला भी कोर्ट में चल रहा है।

प्रेमलता का आरोप है कि शुक्रवार को पुलिस उसके घर पर पहुंची। कुछ पुलिसकर्मी वर्दी में थे कुछ सादा कपड़ों में थे। पुलिसकर्मियों को लेकर बबली देवी आई थी। घर पर केवल बहू थी, उसने दरवाजा नहीं खोला तो पुलिस पड़ोसी के छत से उनके घर में घुस आई। बहू ने रोकने का प्रयास किया, मगर पुलिस ने जोर जबदस्ती की। इसी दरम्यान पुलिस के धक्के से बहू छत से नीचे गिर गई। उसके काफी चोटें आई हैं। जब वे लोग बहू से मिलने गए तो पुलिस ने अस्पताल में मिलने नहीं दिया। पुलिसकर्मियों पर गाली गलौज करते हुए तोड़फोड़ का आरोप भी लगाया गया है।

मौके पर अन्य लोग भी एकत्रित हो गए हैं। परिवारीजनों ने हंगामा किया तो सूचना मिलने के बाद मौके पर एसीपी पीयूष कांत राय भी पहुंच गये। एसीपी घटना की पूरी जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor