1478 यूनिट रक्तदान कर आगरा व्यापार मंडल ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, व्यापारी समाज ने रचा सेवा का नया कीर्तिमान

आगरा। सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश करते हुए आगरा व्यापार मंडल ने अपने चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर में 1478 यूनिट रक्तदान कर अपना ही पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया। दरेसी स्थित रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित शिविर में व्यापारी समाज, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर रक्तदान किया। शिविर की सबसे बड़ी विशेषता जेनजी की करीब 80 फीसदी भागीदारी रही। बड़ी संख्या में युवा पहली बार रक्तदान करने अपने पिता और दादा के साथ पहुंचे। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल सहित जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

Aug 16, 2026 - 21:47
 0
1478 यूनिट रक्तदान कर आगरा व्यापार मंडल ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, व्यापारी समाज ने रचा सेवा का नया कीर्तिमान
दरेसी स्थित रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज में रविवार को आयोजित आगरा व्यापार मंडल के रक्तदान शिविर में मौजूद रहकर उत्साह बढ़ाते केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, यूपी के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, व्यापारी नेता टीएन अग्रवाल एवं अन्य।

शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, एमएलसी विजय शिवहरे, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य राजेंद्र गुप्ता तथा पूर्व विधायक रामबाबू हरित सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि अपने ही रक्तदान रिकॉर्ड को तोड़कर 1478 यूनिट रक्तदान करना व्यापारी समाज की एकजुटता और सेवा भावना का प्रमाण है।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, पूर्व विधायक रामबाबू हरित, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग और एमएलसी विजय शिवहरे ने भी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य राजेंद्र गुप्ता ने आगरा व्यापार मंडल को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि 1478 यूनिट रक्तदान केवल आंकड़ा नहीं, बल्कि जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन की उम्मीद है।

व्यापारी समाज की एकजुटता से बना रिकॉर्ड : टीएन अग्रवाल

आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने अतिथियों, रक्तदाताओं, सदस्य संस्थाओं, पदाधिकारियों और सहयोगियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे व्यापारी समाज की सामूहिक शक्ति और सेवा भावना का परिणाम है।

लोकहितम ब्लड बैंक ने संभाली चिकित्सा व्यवस्था

शिविर में रक्तदाताओं की सुविधा और सुरक्षित रक्तदान के लिए कमला नगर स्थित लोकहितम ब्लड बैंक की ओर से चिकित्सा व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गईं। प्रशिक्षित चिकित्सकों और तकनीकी स्टाफ की देखरेख में रक्तदाताओं का पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण और रक्त संग्रह किया गया। डॉ. नीतू चौहान के नेतृत्व में एसएन मेडिकल कॉलेज की ब्लड बैंक टीम ने भी विशेष सहयोग दिया।

रक्तदाताओं को मिला फलों का ताजा रस और पिट्ठू बैग

महामंत्री अशोक मंगवानी ने बताया कि आगरा व्यापार मंडल की नई पहल के तहत सभी रक्तदाताओं को नरेंद्र बंसल के सहयोग से ताजा फलों का रस वितरित किया गया। संगठन महामंत्री राकेश बंसल ने बताया कि रक्तदान के बाद रक्तदाताओं के स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पौष्टिक एवं ताजा पेय उपलब्ध कराया गया। सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र के साथ पिट्ठू बैग भी प्रदान किए गए।

शिविर में सर्वप्रथम रक्तदान संयोजक योगेश रखवानी ने किया। मंच संचालन जय पुरसनानी और राजीव गुप्ता ने किया।

रक्तदान पर बनी शॉर्ट फिल्म की स्क्रीनिंग

कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश देने वाली शॉर्ट फिल्म ‘रक्तदान’ की विशेष स्क्रीनिंग की गई। फिल्म का निर्माण रंगकर्मी अनिल जैन ने किया है, जबकि निर्देशन अंशु दीक्षित ने किया।

जेनजी ने संभाली रक्तदान की कमान

संयोजक राजीव गुप्ता ने बताया कि शिविर में जेनजी की करीब 80 फीसदी भागीदारी रही। पहली बार रक्तदान करने वालों में युवा पीढ़ी सबसे आगे रही। बड़ी संख्या में जेनजी के युवा अपने पिता और दादा के साथ रक्तदान करने पहुंचे।

पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं में मारुति एस्टेट निवासी रोशन रमानी विशेष रूप से उल्लेखनीय रहे। आयोजकों के अनुसार, उनकी उम्र अभी 18 वर्ष पूरी नहीं हुई है और एक माह बाद वे 18 वर्ष के होंगे, इसके बावजूद उन्होंने शिविर में पहली बार रक्तदान किया। इसके अलावा दयालबाग निवासी कृष्णा चाहर, कृष्णा अग्रवाल और सचिन ने भी पहली बार रक्तदान कर युवा पीढ़ी को प्रेरक संदेश दिया।

सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी की सहभागिता

शिविर में गुरुद्वारा गुरु का ताल के संत अजैब सिंह एवं संत जसपाल सिंह उपस्थित रहे। सिंध हेलपेज से सुरेश शीतलानी, चिबरानी आदि ने सहभागिता की। डॉ. ज्ञान प्रकाश, डॉ. प्रशांत प्रकाश, सुनील विकल और उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष जीतू सोनी सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

पदाधिकारियों और सदस्य संस्थाओं ने संभाली व्यवस्थाएं

शिविर में भोजन व्यवस्था राजेंद्र गुप्ता ने संभाली। व्यवस्था में भगवान दास बंसल, विष्णु दयाल बंसल, कन्हैया लाल राठौड़, संयोजक संदीप गुप्ता, महावीर मंगल, राजेश अग्रवाल, मनोज भाटिया, बृजमोहन रैपुरिया, अनूप बंसल, राजेश सिंघल, नितिन अग्रवाल, योगेश रखवानी, अमित मोरियानी, साहूकार सिंह चाहर, दुष्यंत गर्ग, राजेंद्र सचदेवा, जयप्रकाश अग्रवाल, मनीष बंसल, देवेंद्र अग्रवाल, विमल गर्ग, अशोक लालवानी और राजीव अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

SP_Singh AURGURU Editor