आगरा व्यापार मंडल रचेगा रक्तदान का इतिहास, 16 अगस्त को अपना ही रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी, अब तक 3500 से अधिक पंजीकरण
आगरा। सेवा और सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में आगरा व्यापार मंडल एक बार फिर बड़ा अभियान शुरू करने जा रहा है। 16 अगस्त को दरेसी स्थित रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज में होने वाले चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर में इस बार पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। शिविर के लिए अब तक 3500 से अधिक रक्तदाताओं का पंजीकरण हो चुका है और इतने ही अन्य रक्तदाताओं को अभियान से जोड़ने की तैयारी है।
रक्तदान शिविर के आमंत्रण पत्र का विमोचन कमला नगर स्थित लोकहितम ब्लड बैंक में किया गया। इस दौरान आगरा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और सदस्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने तैयारियों की समीक्षा की तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां बांटीं।
38 बेड पर होगा रक्तदान
चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर की चिकित्सा व्यवस्था लोकहितम ब्लड बैंक, कमला नगर संभालेगा। ब्लड बैंक के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, अखिलेश अग्रवाल और संजीव अग्रवाल ने बताया कि इस बार लक्ष्य बड़ा होने के कारण शिविर में कुल 38 बेड लगाए जाएंगे। मुख्य हाल में ब्लड बैंक की ओर से 22 और दूसरे कमरे में छह बेड लगाए जाएंगे, जबकि दो अन्य कमरों में एसएन मेडिकल कॉलेज की ओर से आठ बेड की व्यवस्था होगी। पिछले वर्ष 30 बेड लगाए गए थे।
रक्तदान की प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए इस बार तकनीशियन टीम भी बढ़ाकर दोगुनी कर दी गई है। करीब 80 तकनीशियनों की टीम दो शिफ्ट में शिविर स्थल पर उपलब्ध रहेगी। रक्तदान के बाद किसी रक्तदाता को परेशानी होने की स्थिति में अतिरिक्त बेड और अलग देखरेख टीम की व्यवस्था भी रहेगी।
रक्तदान से पहले इन बातों का रखें ध्यान
एसएन मेडिकल कॉलेज के पैथोलॉजी विभाग की डॉ. नीतू चौहान ने रक्तदाताओं से रक्तदान से पहले स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि अनियंत्रित डायबिटीज या थायराइड की स्थिति में रक्तदान नहीं करना चाहिए। छोटी सर्जरी के छह माह बाद रक्तदान किया जा सकता है, जबकि बड़ी सर्जरी के बाद एक वर्ष तक रक्तदान से बचना चाहिए।
बंदर या कुत्ते के काटने के बाद रेबीज के इंजेक्शन लगने की स्थिति में भी एक वर्ष तक रक्तदान नहीं करना चाहिए। ब्लड प्रेशर 140 से अधिक होने पर रक्तदान न करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा शराब का सेवन करने के 24 घंटे तक रक्तदान नहीं करना चाहिए।
रक्तवीरों को मिलेगा आकर्षक पिट्ठू बैग
आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने बताया कि रक्तदाताओं के उत्साहवर्धन के लिए आकर्षक पिट्ठू बैग दिए जाएंगे। महामंत्री अशोक मंगवानी ने बताया कि लक्ष्य बढ़ने के साथ शिविर की व्यवस्थाओं और बेड की संख्या में भी इजाफा किया गया है।
कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल के अनुसार 3500 से अधिक रक्तदाताओं का पंजीकरण हो चुका है और बड़ी संख्या में अन्य लोग भी शिविर से जुड़ने की तैयारी में हैं। सभी सदस्यों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। संगठन महामंत्री राकेश बंसल ने बताया कि शिविर की सफलता के लिए विभिन्न पदाधिकारियों और संयोजकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं।
आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर भगवान दास बंसल, विष्णु दयाल बंसल, राजीव अग्रवाल, साहूकार सिंह, दुष्यंत गर्ग, अमित मोरियानी, जय प्रकाश अग्रवाल, अखिल मोहन मित्तल, मनीष बंसल, नरेंद्र बंसल, विमल गर्ग, राजेंद्र सचदेवा, मुकेश जौहरी और नंद किशोर गोयल उपस्थित रहे।