2000 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरा आगरा व्यापार मंडल, रक्तदान के लिए शुरू हुई जनजागरण मुहिम

आगरा। आगरा व्यापार मंडल ने 16 अगस्त को आयोजित होने वाले चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए जनजागरण अभियान शुरू कर दिया है। कमला नगर स्थित लोकहितम ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान जागरूकता गोष्ठी में एसएन मेडिकल कॉलेज की रक्तकोष विभागाध्यक्ष डॉ. नीतू चौहान ने सुरक्षित रक्तदान के आवश्यक स्वास्थ्य मानकों की जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक किया। इस वर्ष व्यापार मंडल ने 2000 यूनिट रक्त संग्रह का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है।

Jul 6, 2026 - 20:46
 0
2000 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरा आगरा व्यापार मंडल, रक्तदान के लिए शुरू हुई जनजागरण मुहिम
कमला नगर स्थित लोकहितम ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान जागरूकता गोष्ठी को संबोधित करतीं एसएन मेडिकल कॉलेज की रक्तकोष विभागाध्यक्ष डॉ. नीतू चौहान। मंच पर उपस्थित संजीव जैन, अनिल अग्रवाल, टीएन अग्रवाल, अखिलेश अग्रवाल एवं अशोक मंगवानी।

गोष्ठी की मुख्य वक्ता डॉ. नीतू चौहान ने बताया कि टैटू बनवाने वाला व्यक्ति तीन माह बाद ही रक्तदान कर सकता है, जबकि अल्कोहल का सेवन करने के अगले दिन रक्तदान नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदाता का हीमोग्लोबिन कम से कम 12.5 ग्राम तथा वजन 45 किलोग्राम या उससे अधिक होना चाहिए।

उन्होंने बताया कि इंसुलिन पर निर्भर मधुमेह रोगी रक्तदान नहीं कर सकते, जबकि नियंत्रित मधुमेह (ब्लड शुगर 200 के भीतर) वाले व्यक्ति चिकित्सकीय परीक्षण के बाद रक्तदान कर सकते हैं। नियमित रक्तदाता 65 वर्ष की आयु तक रक्तदान कर सकते हैं, जबकि पहली बार रक्तदान करने वालों की अधिकतम आयु 60 वर्ष निर्धारित है।

डॉ. चौहान ने कहा कि प्लेटलेट्स किसी भी ब्लड ग्रुप के मरीज को चढ़ाई जा सकती हैं। वहीं थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को उनके माता-पिता का रक्त नहीं चढ़ाया जा सकता, हालांकि अभिभावक अन्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ओ-नेगेटिव रक्त समूह सार्वभौमिक दाता माना जाता है, जबकि एबी पॉजिटिव रक्त समूह का व्यक्ति सभी ब्लड ग्रुप का रक्त प्राप्त कर सकता है। उन्होंने रक्तदान को मानवता की सेवा और जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम बताया।

आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने बताया कि संस्था इस वर्ष अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ते हुए 2000 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य लेकर चल रही है। उन्होंने व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की।

लोकहितम ब्लड बैंक के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने कहा कि पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी ब्लड बैंक शिविर में पूर्ण सहयोग देगा। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम पूरे दिन रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और रक्त संग्रह की सभी व्यवस्थाएं संभालेगी।

महामंत्री अखिलेश अग्रवाल एवं निदेशक संजीव जैन ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान सबसे बड़ा सामाजिक दायित्व है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन बचाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम का संचालन राजीव गुप्ता ने किया। इस दौरान अशोक मंगवानी, नितेश अग्रवाल, कन्हैयालाल राठौर, जयप्रकाश अग्रवाल, संदीप गुप्ता, राजेंद्र सचदेवा, सुरेश बरेजा, राजेश सिंघल, योगेश रखवानी, बृजमोहन रेपुरिया, नितिन अग्रवाल, दुष्यंत गर्ग, राजेंद्र गुप्ता, रितेश राठौर और साहूकार सिंह सहित अनेक व्यापारियों एवं समाजसेवियों ने रक्तदान से जुड़ी जिज्ञासाओं पर विशेषज्ञों से चर्चा की।

SP_Singh AURGURU Editor