स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति से सराबोर रहा आगरा, डीईआई में राष्ट्र-निर्माण का संदेश; शहर में तिरंगा रैलियों और ध्वजारोहण से गूंजा देशप्रेम

आगरा। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर आगरा में शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और राजनीतिक संगठनों ने अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र-निर्माण का संदेश दिया। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में जिला मजिस्ट्रेट मनीष बंसल ने ध्वजारोहण कर युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज के लिए योगदान देने का आह्वान किया। वहीं अशोक कॉसमॉस मॉल में तिरंगा उत्सव, इंडियन क्लब में सांस्कृतिक कार्यक्रम, 700 से अधिक बाइक सवारों की तिरंगा रैली, लायंस क्लब की सेवा गतिविधि, अमर शहीद चंद्रशेखर पार्क में पौधारोपण और प्रमोद वाटिका में देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित हुए। इन आयोजनों में राष्ट्रगान, देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सेवा कार्यों और पौधारोपण के जरिए स्वतंत्रता दिवस को सामाजिक सरोकारों से जोड़ा गया।

Aug 15, 2026 - 19:43
Aug 15, 2026 - 21:41
 0
स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति से सराबोर रहा आगरा, डीईआई में राष्ट्र-निर्माण का संदेश; शहर में तिरंगा रैलियों और ध्वजारोहण से गूंजा देशप्रेम
दयालबाग शिक्षण संस्थान में ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के दौरान मौजूद जिलाधिकारी मनीष बंसल। साथ हैं संस्थान के अधिकारीगण।

डीईआई में स्वतंत्रता दिवस, डीएम मनीष बंसल ने कहा- शिक्षा का लक्ष्य जिम्मेदार नागरिक बनाना

दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में स्वतंत्रता दिवस पर कार्यक्रम प्रस्तुत करते बच्चे।

दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीम्ड यूनिवर्सिटी) में स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। आगरा के जिला मजिस्ट्रेट एवं आईएएस अधिकारी मनीष बंसल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर डीईआई के अध्यक्ष गुरु स्वरूप सूद, निदेशक प्रो. सी. पटवर्धन, रजिस्ट्रार प्रो. संजीव स्वामी, बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के सदस्य, फैकल्टी सदस्य, कर्मचारी, विद्यार्थी और दयालबाग समुदाय के लोग मौजूद रहे।

ध्वजारोहण के बाद सभा को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आजादी की वास्तविक भावना समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी स्वीकार करने में है। उन्होंने शिक्षा, मूल्य निर्माण और जिम्मेदार नागरिक तैयार करने में दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट के योगदान की सराहना की।

उन्होंने कहा कि शिक्षा को केवल शैक्षणिक और व्यावसायिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि युवाओं को समाज में सार्थक योगदान के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने डीईआई द्वारा चरित्र निर्माण, अनुशासन और सर्वांगीण विकास पर दिए जा रहे जोर की विशेष रूप से प्रशंसा की।

2012 के बिजली संकट का उदाहरण देकर डीईआई की दूरदर्शिता सराही

मनीष बंसल ने अपने एक पुराने अनुभव का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2012 में बिजली ग्रिड फेल होने से उत्तर भारत के बड़े हिस्से में 12 घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। उस समय दयालबाग ने अपने सौर ऊर्जा बैकअप का उपयोग कर संकट का सामना किया था। उन्होंने इसे दूरदर्शिता और समस्या के शांतिपूर्ण समाधान का उदाहरण बताते हुए पूरे दयालबाग समुदाय की सराहना की।

छात्रों में ज्ञान के साथ संवेदनशीलता और जिम्मेदारी जरूरी : प्रो. पटवर्धन

डीईआई के निदेशक प्रो. सी. पटवर्धन ने तेजी से बदलते माहौल और आने वाली पीढ़ी के सामने मौजूद चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह इन चुनौतियों का सामना करने के लिए खुद को तैयार करे और समझदारी व लगन के साथ देश-निर्माण की जिम्मेदारियां संभाले।

अशोक कॉसमॉस मॉल में तिरंगा उत्सव, दिव्यांगजनों ने बढ़ाया उत्साह

अशोक कॉसमॉस मॉल में तिरंगा उत्सव-2026 के दौरान ध्वज लहरातीं अशोक ग्रुप की एमडी डॉ. रंजना बंसल एवं अन्य।

संजय प्लेस स्थित अशोक कॉसमॉस मॉल में अशोक ऑटो सेल्स की ओर से ‘तिरंगा उत्सव-2026’ आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि केंद्र राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और अशोक ग्रुप की एमडी डॉ. रंजना बंसल ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। आगरा डेफ इनेबल समिति के सदस्य भी विशेष रूप से शामिल हुए। सांकेतिक भाषा के माध्यम से कार्यक्रम को समावेशी बनाने में अनुवादक ललिता ने भूमिका निभाई। समिति की अध्यक्ष रश्मि, सचिव अंशु गुप्ता, भारती, साक्षी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद करते हुए राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने भी राष्ट्र निर्माण में सामूहिक सहभागिता की अपील की। डॉ. रंजना बंसल ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।

गंधर्व बैंड के माधव शर्मा और गति सिंह की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। संचालन श्रुति सिन्हा ने किया और व्यवस्था की जिम्मेदारी आयुषी चौबे ने संभाली। इस अवसर पर ‘आई सर्व खुशियों के पल’ के सदस्य एवं संयोजक अनुराग जैन सहित सुनील विकल, अशोक चौबे, राम मोहन कपूर, रेणुका डंग, लवली कथूरिया, वत्सला प्रभाकर, पूजा बंसल, रेनू भगत, राजेश गोयल, शीला बहल, डॉ. डीवी शर्मा आदि मौजूद रहे।

इंडियन क्लब में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से देशभक्ति का रंग

इंडियन क्लब में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मौजूद पदाधिकारी।

इंडियन क्लब में स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। क्लब के संरक्षक राजेश मित्तल ने ध्वजारोहण किया। अध्यक्ष सुधीर भोजवानी, सचिव राधेश्याम बंसल, कोषाध्यक्ष सुशील कपूर, लक्ष्मी नारायण अग्रवाल और रंजीत सामा मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि विधायक विजय शिवहरे ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र को सर्वोपरि रखकर विकसित भारत के निर्माण के लिए सभी को साथ आगे बढ़ना है।

केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने शहीद शुभम की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। सुजाता शर्मा ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए, जबकि सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों ने देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। क्लब के राजेश गुप्ता, अनिल गुप्ता, रविन्द्र अरोड़ा, सुभाष मल्होत्रा, लक्ष्मण गर्ग, अखिलेश गुप्ता और वीएन गुप्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

700 से अधिक बाइक सवारों ने निकाली तिरंगा रैली

हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निकाली गई तिरंगा बाइक रैली का एक दृश्य।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत टीम अभिनव उपाध्याय की ओर से भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। इसमें 700 से अधिक बाइक सवार शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से शहर का वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के चरणों में पुष्प अर्पित करने और ध्वजारोहण के साथ हुआ। आरएसएस आगरा विभाग कार्यवाह सुनील दीक्षित ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद मंगल सिंह संतोष, जयदीप सोनकर, किशोर कुमार, हर्षित शर्मा, राहुल बैत, जॉन पॉल और गोविंद पाराशर ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

पुरानी ईदगाह कॉलोनी से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई फतेहाबाद रोड स्थित शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता स्मारक पहुंची, जहां सामूहिक राष्ट्रगान के साथ रैली का समापन हुआ।

रैली में सुनील पाल, विश्वेंद्र सिंह, प्रकाश दीप गौतम, प्रशांत, अमन खरे वाल्मीकि, आकाश, आशीष लवानिया, आदिल, हेमंत राणा, सन्नी शर्मा, आशू, ऋषि ठाकुर, संजय गुर्जर, अर्जुन साहू, शिवम सोनकर, विशाल सहित टीम के अनेक सदस्यों ने सहभागिता की। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।

लायंस क्लब ने 175 से अधिक बच्चों को बांटी शैक्षणिक सामग्री

लायंस क्लब आगरा विशाल द्वारा प्राथमिक विद्यालय, पथौली में आयोजित सेवा गतिविधि की एक झलक।

स्वतंत्रता दिवस पर लायंस क्लब ऑफ आगरा विशाल की ओर से प्राथमिक विद्यालय, पथौली में सेवा गतिविधि आयोजित की गई। क्लब ने विद्यालय के 175 से अधिक छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग, पानी की बोतल, नोटबुक, पेंसिल किट और मिठाई वितरित की।

क्लब अध्यक्ष लायन सीए राकेश अग्रवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित सदस्यों ने राष्ट्रगान और वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया।

कार्यक्रम में क्लब सचिव मनीष बंसल, कोषाध्यक्ष सोम मित्तल, पूर्व अध्यक्ष अजय बंसल, सुनील अग्रवाल, अजय मनचंदा, संजीव अग्रवाल, सुनील बंसल, सुनील गुप्ता, अर्चना अग्रवाल, सोनिया बंसल और उमा अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

महिला कांग्रेस ने अमर शहीदों के नाम पर रोपे 25 पौधे

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के बैनर तले अमर शहीद चंद्रशेखर पार्क में पौधारोपण करने वाले कांग्रेसजन।

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने स्वतंत्रता दिवस पर यमुना किनारे विद्युत शवदाह गृह के निकट स्थित अमर शहीद चंद्रशेखर पार्क में पौधारोपण किया। राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान के नेतृत्व में अमलतास, अशोक, शहतूत, करी पत्ता और गुलमोहर सहित 25 पौधे रोपे गए।

पौधारोपण के बाद चंद्रशेखर आजाद सहित देश के सभी अमर शहीदों के बलिदान को नमन किया गया। नम्रता दान ने कहा कि हरी-भरी प्रकृति, स्वस्थ जीवन और सुरक्षित पर्यावरण के लिए पौधारोपण जरूरी है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति राहुल गांधी की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस पर पौधारोपण किया गया।

कार्यक्रम में रश्मि सिंह, नीलोफर बानो, शाइस्ता खान, पारो शर्मा, शहर अध्यक्ष अमित सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष अश्विनी जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक शर्मा, शिवम शिवहरे, प्रदेश सचिव सलमान कुरैशी, शाहिद खान, रॉकी और बशीर उल हक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रमोद वाटिका में देशभक्ति गीतों के बीच जन्मदिन और सम्मान

कमला नगर स्थित प्रमोद वाटिका में स्वतंत्रता दिवस समारोह की एक झलक।

कमला नगर स्थित प्रमोद वाटिका में स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और सामाजिक सौहार्द के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में तिरंगे को नमन करने के साथ इंदु शर्मा और राजेश वर्मा का जन्मदिन मनाया गया तथा वेटरन के.पी. सिंह को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘जूनियर रफी’ के नाम से पहचान रखने वाले मोहम्मद गौरी की देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति रही। उनके गीतों ने उपस्थित लोगों को भावुक और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत किया।

वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद करने का अवसर है। नई पीढ़ी को देश के इतिहास और स्वतंत्रता संघर्ष से जोड़ना समाज की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर मंजू गंभीर, डिंपल गंभीर, शिल्पी गंभीर, डॉ. अनिल शर्मा, धीरेंद्र जुरैल, अनिल गर्ग, अशोक सिंह, शारदा सिंह, विनोद चौधरी, सुनीता चौधरी, विकास गंभीर, राहुल गंभीर, सुनील गोयल, गुंजन गोयल, रेनू शर्मा, ललिता शर्मा, सोनल, पायल, आलोक शर्मा और पूजा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

टीयर्स में धूमधाम से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति की प्रस्तुतियां

 

टीयर्स में ध्वजारोहण करते सिकंदरा थाने के प्रभारी राजीव त्यागी और संस्थान की निदेशिका डॊ. रीता अग्रवाल।

शहीदों की कुर्बानी को नमन करते हुए शनिवार को टीयर्स में बच्चों और समस्त स्टाफ ने मिलकर 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सिकंदरा थाना प्रभारी (एसएचओ) राजीव त्यागी और संस्था की निदेशिका डॉ. रीता अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर किया।

कार्यक्रम में आकाश, गुलजार, नंदिनी, धीरेश, आतिफ और बंटू ने देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुति दी। गौरव, रिहान और अभय ने ‘तेरी मिट्टी’ तथा पूनम ने ‘राम आएंगे’ पर नृत्य प्रस्तुत किया। ग्रुप डांस में बुशरा, उदीषा और आरती ने ‘घर आ जा परदेशी’ गीत पर प्रस्तुति देकर सभी की तालियां बटोरीं। उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में एसआई रश्मि राजवंश, एसआई राहुल तोमर, कांस्टेबल मनोज कुमार और दीपक कुमार मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor