स्पेशल ओलंपिक में आगरा का परचम: टीयर्स के खिलाड़ियों ने सिल्वर मेडल जीतकर बढ़ाया मान

आगरा/ग्वालियर। विशेष बच्चों की प्रतिभा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि हौसले बुलंद हों तो कोई बाधा रास्ता नहीं रोक सकती। उत्तर प्रदेश स्पेशल ओलंपिक फुटबॉल बॉयज टीम ने गोटिया कप राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया, जिससे प्रदेश के साथ-साथ आगरा जनपद का गौरव भी बढ़ गया।

Apr 10, 2026 - 17:32
 0
स्पेशल ओलंपिक में आगरा का परचम: टीयर्स के खिलाड़ियों ने सिल्वर मेडल जीतकर बढ़ाया मान
स्पेशल ओलंपिक में फुटबॊल प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीतने वाली टीयर्स की टीम।

यह प्रतियोगिता 6 से 10 अप्रैल 2026 तक अटल बिहारी वाजपेई दिव्यांग स्टेडियम में आयोजित हुई, जिसमें देशभर की टीमों ने हिस्सा लिया और कड़े मुकाबले देखने को मिले।

आगरा के खिलाड़ियों ने दिखाया दम

आगरा का प्रतिनिधित्व करते हुए टीयर्स बौद्धिक दिव्यांगजन संस्थान के प्रतिभाशाली खिलाड़ी गौरव और शशांक ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना के बल पर टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने दर्शकों और विशेषज्ञों का ध्यान आकर्षित किया।

सम्मान और उत्साह का माहौल

समापन समारोह में मुख्य अतिथि अमित रत्नागर एवं भरत गुलानी सहित स्पेशल ओलंपिक भारत के प्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश स्पेशल ओलंपिक भारत के अध्यक्ष मुकेश शुक्ला तथा एरिया डायरेक्टर संजीव दोहरे ने टीम की सराहना करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संस्थान ने जताया गर्व

संस्थान की निदेशिका डॉ. रीता अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे संस्थान के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि विशेष बच्चों को यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संस्थान भविष्य में भी बच्चों के सर्वांगीण विकास और खेलों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।

SP_Singh AURGURU Editor