अमेरिका-ईरान युद्ध पर बोले अखिलेश यादव, हमारी विदेश नीति चौपट हो गई, पाक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत कर रहा संबंध
अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उन्होंने पाकिस्तान की अपील पर ईरान पर हमला करने की योजना को टाल दिया। विपक्षी दल सरकार पर हमलावर हैं।
कानपुर। अमेरिका-ईरान युद्ध का जिक्र करते हुए सपा चीफ अखिलेश यादव ने बीजेपी की सरकार पर निशाना साधा। कानपुर में अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमारी विदेश नीति चौपट कर दी। एक बार को तो लग रहा था कि भारत विश्वगुरु होगा लेकिन इधर देख रहे हैं कि पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर संबंधों को मजबूत कर रहा है। अपना भारत विदेश नीति में कमजोर दिखाई दे रहा है, जो विश्वगुरु बनने का सपना था, भारत ने मौका गंवा दिया। अगर इस युद्ध को रोकने में भारत कामयाब हो जाता तो आज दुनिया में भारत का स्थान विश्वगुरु का माना जाता लेकिन आज हर चीज महंगी हो रही है। एलपीजी लापता गैस है। सिलेंडर को आप नापोगे तो वजन कम निकलेगा। खाद की बोरी में चोरी की तरह लाल वाले सिलेंडर में चोरी हो रही है।
दरअसल, अमेरिका-ईरान युद्ध में पाकिस्तान की भूमिका लेकर विपक्षी दल सरकार पर निशाना साध रहे हैं। इसी कड़ी में अखिलेश यादव ने भी बीजेपी की सरकार को आड़े हाथों लिया। महायुद्ध के 40वें दिन सीजफायर की घोषणा की गई। ये सीजफायर दो हफ्तों के लिए हैं। अमिरेकी राष्ट्रपति ट्रंप इसे अपनी जीत बता रहे हैं तो वहीं ईरान इसे अपनी जीत कहकर पेश कर रहा है।
सीजफायर के बाद ईरान जश्न में डूबा हुआ है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि हम अपनी शर्तों पर दो हफ्ते के स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलेंगे। वहीं सीजफायर पर राष्ट्रपति ट्रंप ने नया बयान देते हुए कहा कि समझौता नहीं चला तो फिर युद्ध होगा। ईरान का कहना है कि सीजफायर का मतलब जंग खत्म होना नहीं है।
गौरतलब है कि कल रात तक पूरी दुनिया को लग रहा था कि डेडलाइन खत्म होते ही हमले और तेज होंगे लेकिन दुनिया के लिए राहत भरी खबर आई। राष्ट्रपति ट्रंप ने सीजफायर पर बड़ा दावा करते हुए कहा कि चीन ने ईरान को राजी किया। अब पाकिस्तान में 10 अप्रैल को वार्ता होगी। ईरानी संसद के स्पीकर और अमेरिकी उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस अगुवाई करेंगे।