लखनऊ अग्निकांड के बाद बरेली में अलर्ट: डीएम के सख्त निर्देश, कोचिंग सेंटर और अस्पतालों की होगी व्यापक जांच
बरेली। लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड में छात्रों की मौत के बाद बरेली प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सोमवार शाम अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी करते हुए रिहायशी क्षेत्रों और संकरी गलियों में संचालित कोचिंग सेंटर, अस्पतालों तथा अन्य संस्थानों की तत्काल जांच कराने के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने लखनऊ की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बरेली में भी कई कोचिंग सेंटर, अस्पताल और बेसमेंट पार्किंग रिहायशी इलाकों एवं संकरे स्थानों पर बिना निर्धारित मानकों के संचालित हो रहे हैं। ऐसे स्थानों पर बिजली और अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने से भविष्य में बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इस संबंध में जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त, सभी अपर जिलाधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र जारी कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
निर्देशों में कहा गया है कि रिहायशी क्षेत्रों में संचालित सभी कोचिंग सेंटर और अन्य संस्थानों की तत्काल जांच की जाए तथा ऐसे संस्थानों को नियमानुसार व्यावसायिक क्षेत्रों में स्थानांतरित कराने की कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी संस्थानों में अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास, विद्युत सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की मानकों के अनुसार जांच सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।