अलीगढ़ में गंदगी दिखने पर नाराज सीएम योगी बोले- मंडल मुख्यालय जैसा नहीं लगता शहर

अलीगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को नुमाइश मैदान में आयोजित जनसभा में जनता को स्वदेशी अपनाने, हर घर तिरंगा लहराने और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि विदेशी वस्तुओं की खरीद से देश का पैसा गलत हाथों में जाता है और अंततः वही धन आतंकवाद व धर्मांतरण में लगता है। उन्होंने रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और दीपावली जैसे त्योहारों पर भारतीय उत्पादों को उपहार में देने की अपील की। उन्होंने यह भी घोषणा की वे जल्द ही राजा महेंद्र प्रताप विवि का लोकार्पण करने आएंगे।

Aug 5, 2025 - 21:50
Aug 5, 2025 - 23:18
 0
अलीगढ़ में गंदगी दिखने पर नाराज सीएम योगी बोले- मंडल मुख्यालय जैसा नहीं लगता शहर
अलीगढ़ के नुमाइश मैदान में जनसभा स्थल के मंच पर मौजूद सीएम योगी आदित्यनाथ।

-काले रंग का आलू देख चौंके सीएम, लोगों से स्वदेशी अपनाने का आह्वान

अब चीनी नहीं, ओडीओपी बिकता है

सीएम योगी ने जोर देते हुए कहा कि 2017 से पहले त्योहार आते ही चीनी उत्पादों से बाजार भर जाते थे, लेकिन अब वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट ने प्रदेश के कारीगरों और उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाने से कारीगरों और हस्तशिल्पियों की आय बढ़ेगी और ‘वोकल फॉर लोकल’ आंदोलन को बल मिलेगा।

2017 से पहले भाई भतीजावाद हावी था

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले नौकरियों में भाई-भतीजावाद हावी था, लेकिन अब पूरी पारदर्शिता के साथ योग्य युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश में जल्द ही 30 हजार पुलिस पदों पर भर्ती की जाएगी।

गंदगी पर सख्त सीएम: जिला मुख्यालय जैसा नहीं लगता शहर

इससे पहले कलक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि अलीगढ़ की गंदगी शर्मनाक है। उन्होंने नगर आयुक्त की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। कहा, शहर मंडल मुख्यालय है, लेकिन उसकी हालत किसी कस्बे जैसी है। पार्क और खाली प्लॉट कूड़े से पटे पड़े हैं, यह स्थिति बदलनी चाहिए।

शहर विकास के प्रस्तावों की झड़ी

बैठक में एमएलसी प्रो. तारिक मंसूर, चौ. ऋषिपाल सिंह, रजनीकांत माहेश्वरी, सांसद अनूप वाल्मीकि और सतीश गौतम ने अलीगढ़ और हाथरस जिलों से जुड़ी विकास योजनाओं के प्रस्ताव रखे। मुख्यमंत्री ने सभी सुझावों पर गंभीरता से कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।

प्रत्येक विधानसभा में होगा पर्यटन स्थल चयन

सीएम ने पर्यटन संवर्धन योजना के तहत हर विधानसभा क्षेत्र में एक प्रमुख स्थल के विकास की योजना बनाने के निर्देश भी दिए, जिससे धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिले।

काला आलू देख कर चौंके योगी: ऐसा भी होता है?

नुमाइश मैदान में आयोजित कृषि प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री का ध्यान तब गया जब उन्होंने एफपीओ द्वारा प्रदर्शित काले, नीले और गुलाबी रंग के आलू देखे। एफपीओ ‘एग्री साइन’ द्वारा तैयार किए गए इन आलुओं में ‘ब्लैक रोज’, ‘कुफरी जामुनिया’ और ‘नीलकंठ’ जैसी प्रजातियां शामिल थीं। यह आलू दुबई, बहरीन, तेहरान सहित भारत के मेट्रो शहरों के फाइव स्टार होटलों में इस्तेमाल होते हैं।

सीएम ने पूछी प्रशासनिक दिक्कत

मुख्यमंत्री ने एफपीओ संचालक जितेंद्र अवस्थी से पूछा कि प्रशासन की ओर से कोई दिक्कत तो नहीं। जवाब मिला, कोई समस्या नहीं है। इसके बाद सीएम ने प्रदर्शनी में आगे का अवलोकन किया।

SP_Singh AURGURU Editor