आगरा भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अनिल महाजन का निधन, कल सुबह होगा अंतिम संस्कार
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं आगरा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अनिल महाजन का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। हाल ही में एम्स में उनकी बाईपास सर्जरी हुई थी। दिल्ली के अस्पताल में ही उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से भाजपा संगठन, व्यापारिक जगत और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह ताजगंज स्थित मोक्षधाम में किया जाएगा।
आगरा। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व महानगर अध्यक्ष अनिल महाजन का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही भाजपा संगठन, राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। बताया गया है कि वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। कुछ दिन पहले ही नई दिल्ली स्थित एम्स में उनकी बाईपास सर्जरी हुई थी। उपचार के दौरान ही उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके पार्थिव शरीर को दिल्ली से आगरा लाया जा रहा है।
अनिल महाजन शहर के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं प्रमुख उद्यमी रहे दिवंगत ओम प्रकाश महाजन के ज्येष्ठ पुत्र थे। उन्होंने वर्ष 2010 में भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष का दायित्व संभाला था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपनी सरलता, सौम्य स्वभाव और मृदुभाषी व्यक्तित्व के कारण वे सभी वर्गों में सम्मानित थे।
उनका परिवार लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़ा रहा है। उनके पुत्र भानु महाजन भी लगातार लगभग साढ़े पांच वर्ष तक भारतीय जनता पार्टी के आगरा महानगर अध्यक्ष रहे और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे।
परिजनों के अनुसार, अनिल महाजन का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 10 बजे ताजगंज स्थित मोक्षधाम में किया जाएगा।