आगरा-जयपुर हाईवे पर घने कोहरे में एक और हादसा, कार ने बाइक सवारों को रौंदा, दो गंभीर घायल

आगरा। घने कोहरे की वजह से जिले में एक और दुर्घटना हो गई। लगातार तीसरे दिन दृश्यता शून्य के करीब रहने से दुर्घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा है। बुधवार को आगरा–फतेहपुर सीकरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम महुअर स्थित लैदर पार्क के पास स्विफ्ट कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिन्हें इलाज के लिए आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Dec 17, 2025 - 18:42
 0
आगरा-जयपुर हाईवे पर घने कोहरे में एक और हादसा, कार ने बाइक सवारों को रौंदा, दो गंभीर घायल
आगरा-जयपुर हाईवे पर महुअर के पास घने कोहरे में हुई दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बाइक और कार।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना किरावली क्षेत्र के गांव खेड़ा बाकंदा निवासी बृजेश लवानियां पुत्र भानुप्रताप अपनी बाइक से किसी कार्यवश आगरा जा रहे थे। उनके साथ पड़ोसी गांव अभुआपुरा निवासी महेश भी सवार था। जैसे ही बाइक सवार युवक महुअर नाले के पास लैदर पार्क के समीप पहुंचे, तभी आगरा की ओर से किरावली की तरफ आ रही स्विफ्ट कार संख्या UP80 HU 3152 ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही किरावली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए आगरा भेजा। पुलिस के अनुसार गनीमत रही कि समय रहते उपचार मिलने से दोनों युवकों की जान बच गई। दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

घने कोहरे के चलते इन दिनों दृश्यता बेहद कम बनी हुई है, जिससे हाईवे पर तेज़ रफ्तार वाहन हादसों का कारण बन रहे हैं। प्रशासन द्वारा वाहन चालकों से सावधानी बरतने और सीमित गति में वाहन चलाने की अपील की जा रही है, बावजूद इसके लापरवाही जानलेवा साबित हो रही है।

SP_Singh AURGURU Editor