आगरा की डिफेंस कॊलोनी में नगर निगम के गमलों और वृक्षों से असामाजिक तत्वों ने की तोड़फोड़
आगरा। डिफेंस कॉलोनी, गीता ज्ञान गर्ल्स इंटर कॉलेज के पास कॉलोनी के मुख्य चौराहा पर नगर निगम द्वारा सौंदर्यीकरण और हरित वातावरण के संवर्धन के लिए लगाए गए लगभग 10 गमलों को असामाजिक तत्वों ने तोड़ दिया। गमलों में विभिन्न प्रकार के फूल और सजावटी पौधे लगाए गए थे, जो कॉलोनी की सुंदरता के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण थे। विगत 24 अक्टूबर, 2025 को हुई इस घटना में गमलों के पौधे उखाड़कर चोरी कर लिए गए, जिससे कॉलोनी निवासियों में असुरक्षा की भावना और उपयोगी हरित क्षेत्र की हानि हुई।

इसके अलावा, कॉलोनी की सोसाइटी द्वारा लगाए गए पेड़ों को भी लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है। कालोनी निवासी केशव देव शर्मा की बाउंड्री वॉल के पास स्थित दो फुट मोटे पापड़ी के पेड़ को असामाजिक तत्वों ने काट दिया, जो कॉलोनी के पर्यावरणीय स्वास्थ्य और स्थानीय जलवायु के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण था। इस वृक्ष के काटे जाने से कॊलोनी के लोग आहत हैं।
रोहतास सिंह यादव, सचिव, डिफेंस कॉलोनी यूथ वेलफेयर सोसाइटी ने नगर निगम और स्थानीय प्रशासन से अनुरोध किया है कि कॉलोनी में सार्वजनिक पौधों और वृक्षों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे लगाने, नियमित निगरानी और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने जैसे उपायों की भी मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
डिफेंस कॉलोनी यूथ वेलफेयर सोसाइटी ने इस बारे में मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, पुलिस आयुक्त और वन विभाग को भी पत्र भेजे हैं।