अपर्णा यादव की टीम ने कहा- प्रतीक का तलाक संबंधी कोई पोस्ट फर्जी, उनका इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर शरारत की गई
लखनऊ। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव द्वारा अपनी पत्नी अपर्णा यादव (उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष) से तलाक को लेकर सामने आए इंस्टाग्राम पोस्ट पर अब बड़ा मोड़ आ गया है। अपर्णा यादव की टीम ने इन खबरों को पूरी तरह फर्जी बताते हुए कहा है कि प्रतीक यादव का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया गया था, उसी के जरिए यह आपत्तिजनक पोस्ट डाली गई।
अपर्णा यादव की टीम के अनुसार, प्रतीक यादव ने स्वयं ऐसा कोई बयान या पोस्ट नहीं किया है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही सामग्री का वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है। टीम का कहना है कि यह एक सुनियोजित साजिश हो सकती है, जिससे व्यक्तिगत और पारिवारिक छवि को नुकसान पहुंचाया गया।
टीम ने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले में कानूनी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से संपर्क कर फर्जी पोस्ट हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। वहीं, प्रतीक यादव की ओर से इस सफाई के बाद अब तक कोई अलग आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। न ही अपर्णा यादव की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान दिया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले प्रतीक यादव के नाम से किए गए इंस्टाग्राम पोस्ट ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी चर्चा छेड़ दी थी। अब अकाउंट हैक होने के दावे के बाद यह मामला निजी विवाद से आगे बढ़कर साइबर सुरक्षा और फेक कंटेंट के सवालों से जुड़ता दिख रहा है।
फिलहाल, इस पूरे प्रकरण पर सबकी निगाहें आगे आने वाली आधिकारिक पुष्टि और कानूनी कार्रवाई पर टिक गई हैं।