आगरा के बल्केश्वर में अपना घर आश्रम, 21 प्रभुजनों के प्रवेश के साथ शुरू हुई सेवा; अब असहाय और मानसिक रूप से अस्वस्थ पुरुषों को नहीं जाना पड़ेगा कहीं और

आगरा। आश्रयहीन, असहाय, बीमार और मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों की सेवा के लिए समर्पित संस्था मां माधुरी बृज वारिस सेवा सदन (अपना घर) ने रविवार को बल्केश्वर में पुरुष अपना घर आश्रम का शुभारंभ कर दिया। 21 प्रभुजनों के सम्मानपूर्वक प्रवेश के साथ आश्रम ने औपचारिक रूप से सेवा कार्य शुरू कर दिया। इस नए आश्रम के शुरू होने से अब आगरा और आसपास के क्षेत्रों के जरूरतमंद पुरुषों को आश्रय, उपचार और पुनर्वास के लिए भरतपुर, मथुरा या फिरोजाबाद नहीं भेजना पड़ेगा।

Jul 5, 2026 - 18:23
 0
आगरा के बल्केश्वर में अपना घर आश्रम, 21 प्रभुजनों के प्रवेश के साथ शुरू हुई सेवा; अब असहाय और मानसिक रूप से अस्वस्थ पुरुषों को नहीं जाना पड़ेगा कहीं और
आगरा के बल्केश्वर में स्थापित अपना घर आश्रम के शुभारंभ के मौके पर यहां रहने वाले प्रभुजनों का स्वागत किया गया।  

बल्केश्वर स्थित आश्रम में आयोजित शुभारंभ समारोह में संस्था की संस्थापक डॉ. माधुरी भारद्वाज, आश्रम स्थापना संयोजक शैलेन्द्र त्यागी तथा संस्था के संरक्षक मोहनलाल अग्रवाल ने प्रभुजनों का तिलक, माल्यार्पण और मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद सभी को सम्मानपूर्वक नए आश्रम में प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर अपना घर आश्रम महिला शाखा आगरा की पदाधिकारी, समाजसेवी तथा शहर के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

संस्था का 72वां और उत्तर प्रदेश का 19वां आश्रम

संस्था के अनुसार बल्केश्वर में शुरू हुआ यह आश्रम अपना घर परिवार का 72वां आश्रम तथा उत्तर प्रदेश का 19वां आश्रम है। आश्रम की शुरुआत 21 प्रभुजनों के साथ की गई है, जिन्हें अपना घर आश्रम, भरतपुर से स्थानांतरित किया गया है। इनमें अधिकांश ऐसे प्रभुजन हैं, जिनका संबंध आगरा और आसपास के क्षेत्रों से है, ताकि वे अपने गृह क्षेत्र के निकट रहकर बेहतर देखभाल और पुनर्वास की सुविधा प्राप्त कर सकें।

अब स्थानीय स्तर पर मिलेगा आश्रय और उपचार

संस्था पहले से आगरा में महिला अपना घर आश्रम संचालित कर रही है। अब पुरुष आश्रम शुरू होने से सड़क, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर मिलने वाले आश्रयहीन, बीमार, असहाय और मानसिक रूप से अस्वस्थ पुरुषों को स्थानीय स्तर पर ही सुरक्षित आश्रय, चिकित्सा, भोजन और पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे उन्हें दूसरे शहरों में भेजने की आवश्यकता नहीं रहेगी।

60 बिस्तरों की आधुनिक सुविधा

नव स्थापित आश्रम में 60 बिस्तरों की आवासीय क्षमता विकसित की गई है। यहां चिकित्सा, भोजन, स्वच्छ पेयजल, विद्युत, बेड, गद्दे और रहने की सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा प्रभुजनों के रेस्क्यू, अस्पताल लाने-ले जाने और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए एक समर्पित एम्बुलेंस की भी व्यवस्था की गई है।

सम्मानपूर्ण जीवन दिलाना है उद्देश्य

संस्था की संस्थापक डॉ. माधुरी भारद्वाज ने कहा कि अपना घर का उद्देश्य केवल आश्रय देना नहीं, बल्कि प्रत्येक आश्रयहीन, असहाय, बीमार और पीड़ित व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन, उपचार, भोजन, वस्त्र और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। बलकेश्वर में आश्रम शुरू होने से आगरा और आसपास के क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों को त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और मानवीय सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी।

SP_Singh AURGURU Editor