विकसित भारत अभियान मंच से कांग्रेस पर प्रहार, सांसद राजकुमार चाहर ने खोली पोल

भुवनेश्वर में आयोजित विकसित भारत जी–राम–जी जनजागरण अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में भाजपा सांसद राजकुमार चाहर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के बयान को निंदनीय बताते हुए कहा कि जी–राम–जी विधेयक से मनरेगा में हुए भ्रष्टाचार का पर्दाफाश होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया और गांवों के समग्र विकास को अभियान का मुख्य लक्ष्य बताया।

Jan 13, 2026 - 22:23
 0
विकसित भारत अभियान मंच से कांग्रेस पर प्रहार, सांसद राजकुमार चाहर ने खोली पोल
सांसद राजकुमार चाहर।

भुवनेश्वर से कांग्रेस पर तीखा प्रहार, ‘जी–राम–जी विधेयक से मनरेगा के पापों का घड़ा फूटेगा’

भुवनेश्वर। भुवनेश्वर में आयोजित विकसित भारत जी–राम–जी जनजागरण अभियान के तहत भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता के बढ़ते आक्रोश से घिरी कांग्रेस आज हताशा और निराशा की स्थिति में है।

खरगे के बयान को बताया निंदनीय

सांसद चाहर ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के जी–राम–जी विधेयक पर दिए गए बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यह बयान न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि जनहितकारी योजनाओं को बदनाम करने का प्रयास भी है। उन्होंने कहा कि मनरेगा में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का सच अब जनता के सामने आने वाला है।

‘मनरेगा के दुरुपयोग का हिसाब होगा’

राजकुमार चाहर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में मनरेगा की आड़ में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, फर्जीवाड़ा और धन का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि जी–राम–जी विधेयक लागू होने के बाद इन गड़बड़ियों का पर्दाफाश होगा और जनता के बीच कांग्रेस के खिलाफ आक्रोश और तेज़ होगा।

2047 तक विकसित भारत का संकल्प

कार्यशाला को संबोधित करते हुए सांसद चाहर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित विकसित भारत जी–राम–जी जनजागरण अभियान का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है। इस अभियान के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन, आत्मनिर्भर भारत और जनभागीदारी को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है।

गांवों के विकास से बदलेगी देश की तस्वीर

उन्होंने कहा कि जी–राम–जी अभियान से ग्रामीण सड़कों का समग्र विकास होगा, बुनियादी ढांचा मजबूत होगा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी, गांव आत्मनिर्भर बनेंगे। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री मोदी का दूरदर्शी संकल्प बताते हुए कहा कि यही अभियान विकसित भारत की दिशा और दशा तय करेगा।

कांग्रेस पर ‘झूठ और भ्रम फैलाने’ का आरोप

सांसद चाहर ने कहा कि दशकों तक गांव, किसान और मजदूर की उपेक्षा करने वाली कांग्रेस आज झूठ और भ्रम फैलाकर जनकल्याणकारी योजनाओं को बदनाम करने का षड्यंत्र कर रही है, लेकिन देश की जनता अब पूरी तरह जागरूक है और सच्चाई को पहचान चुकी है।