ईमानदारी की मिसाल बने ऑटो चालक नीरज तिवारी, यात्रियों का छूटा बैग लेकर स्टेशन पहुंचे, प्लेटफॉर्म पर खोजा और सुरक्षित लौटाया सामान
आगरा। ईदगाह स्टेशन से ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में ऑटो में बैग भूल गए दो युवा यात्रियों को जब अपना सामान वापस मिला तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सोल्जर्स ऑफ सोसाइटी (एसओएस) से जुड़े ऑटो चालक नीरज तिवारी ने ईमानदारी और जिम्मेदारी की मिसाल पेश करते हुए दोनों यात्रियों को तलाशकर उनका बैग सुरक्षित लौटा दिया।
दोनों युवा यात्री नीरज तिवारी के ऑटो रिक्शा से ईदगाह स्टेशन पहुंचे थे। उन्हें वहां से अपने गंतव्य के लिए ट्रेन पकड़नी थी। स्टेशन पहुंचने के बाद ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में दोनों यात्री अपना एक बैग ऑटो रिक्शा में ही छोड़कर स्टेशन के अंदर चले गए।
यात्रियों को उतारने के बाद नीरज तिवारी कुछ दूरी तक पहुंचे। इसी दौरान उनकी नजर ऑटो में पड़े बैग पर गई। बैग देखकर उन्हें तत्काल उन दोनों यात्रियों की याद आई, जिन्हें कुछ देर पहले उन्होंने ईदगाह स्टेशन पर उतारा था। उन्होंने तत्काल ऑटो रिक्शा वापस स्टेशन की ओर मोड़ दिया।
नीरज तिवारी ईदगाह स्टेशन पहुंचे और प्लेटफॉर्म पर उन दोनों यात्रियों की तलाश शुरू कर दी। उन्होंने स्टेशन पर मौजूद लोगों के बीच दोनों युवाओं को खोजा। काफी तलाश के बाद दोनों यात्री मिल गए।
नीरज तिवारी ने जैसे ही दोनों यात्रियों को उनका छूटा हुआ बैग सौंपा, वे कुछ क्षण के लिए हतप्रभ रह गए। नीरज तिवारी ने यात्रियों से अपने सामने ही बैग में रखा सामान भी चेक कराया। यात्रियों को उम्मीद नहीं थी कि ऑटो चालक अपना समय और मेहनत लगाकर उनका बैग लौटाने के लिए दोबारा स्टेशन तक आएगा। बैग सुरक्षित वापस मिलने के बाद दोनों यात्रियों ने नीरज तिवारी का धन्यवाद किया और उनकी ईमानदारी की सराहना की।
बता दें कि सोल्जर्स ऑफ सोसाइटी (एसओएस) के संस्थापक डॉ. नवीन गुप्ता लंबे समय से ऑटो चालकों को यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार, ईमानदारी और जिम्मेदारी के लिए जागरूक करने की मुहिम चला रहे हैं। उनकी इसी पहल और प्रेरणा का असर है कि एसओएस से जुड़े कई ऑटो चालक अब तक ऑटो में छूटे यात्रियों के सामान को सुरक्षित वापस लौटाकर ईमानदारी और मानवीय संवेदना की मिसाल कायम कर चुके हैं। नीरज तिवारी का यह प्रयास भी इसी सकारात्मक मुहिम की एक कड़ी है।