अविनाश मिश्रा बने खतरों के खिलाड़ी के विनर, ऋत्विक धनजानी रनरअप
रोहित शेट्टी के शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' को अपना विनर मिल गया है। इस शो का खिताब टीवी एक्टर अविनाश मिश्रा ने अपने नाम किया है। ऋत्विक धनजानी रनरअप रहे।
जोहान्सबर्ग। रोहित शेट्टी के स्टंट बेस्ड रिएलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ के 15वें सीजन के विनर के नाम का ऐलान हो चुका है। टीवी एक्टर अविनाश मिश्रा के सिर जीत का ताज सजा है। 4 अक्टूबर को रात 9 बजे ग्रैंड फिनाले एपिसोड ऑन एयर हुआ, जहां रोहित शेट्टी ने ये ऐलान किया कि अविनाश बनते हैं इस सीजन के विनर। पहले से ही सोशल मीडिया पर लोग ये कयास लगा रहे थे कि इस सीजन की ट्रॉफी अविनाश के नाम होगी और ठीक वैसा ही हुआ। अपनी मेहनत और शानदार परफॉर्मेंस की बदौलत वो बन गए ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के विजेता।
ग्रैंड फिनाले में अविनाश का सीधा मुकाबला ऋत्विक धनजानी और ओरी से था। ओरी पहले बाहर हो गए। उसके बाद ऋत्विक रनरअप रहे और अविनाश बने इस शो के विनर। ‘खतरों के खिलाड़ी 15′ 1 अगस्त से शुरू हुआ था। 13 कंटेस्टेंट इस शो का हिस्सा बने थे। यानी 12 कंटेस्टेंट को हराकर अविनाश विनर बने हैं।
अविनाश के साथ टॉप-5 में फरहाना भट्ट, ऋत्विक धनजानी, करण वाही और ओरी थे। अविनाश को ट्रॉफी के साथ-साथि विनर बनने पर 20 लाख रुपये मिले हैं। साथ ही एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार भी उन्होंने अपने नाम की है। अब हर तरफ से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं। उनका नाम सुर्खियों में बना हुआ है।
अविनाश मिश्रा शो की शुरुआत से ही हर स्टंट को जी जान से परफॉर्म कर रहे थे। स्टंट कोई भी हो, उनका एक ही मिशन होता था कि किसी भी तरह इस स्टंट में जीत दर्ज करनी है। कई बार तो ऐसा भी देखा गया था अगर कोई साथी कंटेस्टेंट चोटिल होने की वजह से अपना स्टंट परफॉर्म नहीं कर पाता था, तो अविनाश अपनी मर्जी से आगे आते थे और उसका स्टंट परफॉर्म करते थे और अपने साथी को जीत भी दिलाते थे। शो में कई बार रोहित शेट्टी उनके जज्बे की तारीफ कर चुके थे।