आईएमसी नेता के ऐलान पर बरेली में हाई अलर्ट: खाकी के पहरे के बीच कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

-आरके सिंह- बरेली। आईएमसी नेता मौलाना तौकीर रजा खां के शुक्रवार को होने वाले प्रदर्शन और पैदल मार्च के ऐलान के मद्देनजर बरेली जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए गए हैं। एसएसपी अनुराग आर्य ने पूरे जिले को हाई अलर्ट पर रखते हुए सुरक्षा का विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार किया है। शहर से बाहर आने-जाने वाले सभी रास्तों की नाकेबंदी की जा रही है, पुलिस बैरियर लगाए गए हैं और चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा रहेगा।

Sep 25, 2025 - 21:35
Sep 25, 2025 - 21:36
 0
आईएमसी नेता के ऐलान पर बरेली में हाई अलर्ट: खाकी के पहरे के बीच कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

बरेली में सुरक्षा के लिए एक कंपनी आरएएफ, चार कंपनी पीएसी, 200 दरोगा और 500 हेड कांस्टेबल-कॉन्स्टेबल तैनात किए गए हैं। सभी थानों के इंस्पेक्टर और एसओ सैकड़ों की टीमों के साथ मुस्तैद रहेंगे। शहर को सेक्टर और सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है, जहां सेक्टर की जिम्मेदारी एडिशनल एसपी और एडीएम रैंक के मजिस्ट्रेट की होगी और सब-सेक्टर में सीओ और एसडीएम तैनात रहेंगे। स्पेशल पुलिस टीमें दंगा नियंत्रण उपकरणों से लैस होकर 50 गाड़ियों से संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों पर पेट्रोलिंग करेंगी।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि रूफटॉप ड्यूटी के लिए विशेष दस्ते, ड्रोन से आकाशीय निगरानी और हर संवेदनशील गली-मोहल्ले में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय कर दिए गए हैं। मोबाइल पुलिस टीमें वीडियो कैमरे के साथ लगातार गश्त कर रही हैं। हर गली, चौराहे और नुक्कड़ पर सिविल ड्रेस में पुलिस तैनात की गई है। जिले में पुराने अनुभवी इंस्पेक्टर और एसओ भी बुलाए गए हैं। खुफिया एजेंसियों को भी तैनात कर हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा रही है।

एसएसपी ने चेतावनी दी कि प्रदर्शन में नाबालिग बच्चों को शामिल करना साजिश मानी जाएगी। वीडियोग्राफी कर सबूत जुटाए जाएंगे और बच्चों को साजिश के तहत भेजने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। रूफटॉप पर स्नाइपर ड्यूटी तैनात है, और घरों के ऊपर ड्रोन से निगरानी की जा रही है। माहौल बिगाड़ने वाले उपद्रवियों और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बरेली पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले का पूरा फोर्स सड़कों पर तैनात है। उपद्रव करने वाले चाहे किसी भी रूप में हों, उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। सुरक्षा की यह तैयारी सुनिश्चित करती है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

SP_Singh AURGURU Editor