गोकशी में बरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गैंगस्टर एक्ट में आठ नामजद, तीन महिलाएं भी शामिल

-आरके सिंह- बरेली। गौवध के गंभीर मामलों में लिप्त शातिर गिरोह पर बरेली पुलिस ने शिकंजा कसते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई की है। थाना बारादरी पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है। खास बात यह है कि इस गिरोह में तीन महिलाएं भी सक्रिय सदस्य के रूप में शामिल थीं।

Aug 1, 2025 - 12:35
Aug 1, 2025 - 12:36
 0
गोकशी में बरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गैंगस्टर एक्ट में आठ नामजद, तीन महिलाएं भी शामिल
एसएसपी बरेली अनुराग आर्य।

गैंग लीडर वसीम अहमद पर दर्ज हैं 13 मुकदमे, संपत्ति जब्त की तैयारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि गैंग लीडर वसीम अहमद निवासी सेमल खेड़ा, थाना बारादरी, बरेली है। इस पर 13 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। उसके साथियों में फय्याज रहमान (चार मुकदमे), रिजवान उर्फ पिन्ना (छह मुकदमे), कासिम उर्फ शानू (चार मुकदमे), सना (पांच मुकदमे), फूलबानो (पांच मुकदमे), फहीम (चार मुकदमे) शामिल हैं।

11 अप्रैल की रेड में मिली थी गौवध की पुष्टि

पुलिस को 11 अप्रैल 2025 को वसीम के घर दबिश के दौरान गोवंशीय मांस और कटान के उपकरण बरामद हुए थे। सभी आरोपी छतों के रास्ते फरार हो गए थे। इस पर थाना बारादरी में वसीम व अन्य के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना में चार और आरोपी सामने आए, जिन्हें भी गिरफ्त में लिया गया।

व्यवसायिक रूप से चलाते थे अवैध गोमांस का धंधा

पुलिस जांच में सामने आया कि वसीम अपने परिजनों और अन्य साथियों की मदद से संगठित गिरोह बनाकर गोवंश की तलाश करता था, फिर अपने घर पर उनका वध कर व्यावसायिक रूप से अवैध गोमांस का व्यापार करता था।

गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला, संपत्ति जब्ती की तैयारी

गिरोह के सभी आठों सदस्यों के खिलाफ थाना बारादरी पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 2(b)(xvii)/3(1) के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब विवेचना के दौरान सभी आरोपियों की संपत्ति चिन्हित कर उत्तर प्रदेश गिरोहबंद अधिनियम की धारा 14(1) के तहत जब्ती की कार्रवाई भी करेगी।

पुलिस बोली: अपराध नियंत्रण में मिलेगी बड़ी सफलता

एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि संगठित अपराध करने वाले ऐसे गिरोहों पर गैंगस्टर एक्ट जैसी सख्त कार्रवाई से अपराध नियंत्रण में बड़ी सफलता मिलेगी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा।

SP_Singh AURGURU Editor