बरेली को मिली तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस, स्टेशन पर स्वागत, जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी

-आरके सिंह- बरेली। लखनऊ से सहारनपुर के बीच शुरू हुई वंदे भारत एक्सप्रेस का शनिवार को बरेली जंक्शन पर भव्य स्वागत हुआ। इस मौके पर उत्साह का ऐसा माहौल था मानो बरेली रेलवे स्टेशन किसी उत्सव स्थल में बदल गया हो। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, रेलवे कर्मियों और नागरिकों ने आई लव मोदी  और थैंक्स मोदी के नारों के साथ ट्रेन का अभिनंदन किया।

Nov 8, 2025 - 13:51
 0
बरेली को मिली तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस, स्टेशन पर स्वागत, जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी
लखनऊ-सहारनपुर के बीच शुरू हुई वंदे भारत एक्सप्रेस के शनिवार को बरेली पहुंचने पर स्वागत करने के बाद हरी झंडी दिखाते जनप्रतिनिधि।

वंदे भारत एक्सप्रेस के स्वागत समारोह में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, महापौर डॉ. उमेश गौतम, एमएलसी महाराज सिंह, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, विधायक राघवेंद्र शर्मा और जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने संयुक्त रूप से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सहारनपुर के लिए रवाना किया।

सीएमआई बरेली जंक्शन सैयद इमरान चिश्ती ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस का मुरादाबाद मंडल के सभी स्टॉपेज पर भव्य स्वागत किया गया।
यह ट्रेन लखनऊ से चलकर सहारनपुर तक अपना संचालन करेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस सेवा का वर्चुअल उद्घाटन वाराणसी (बनारस) से किया था।

डीआरएम मुरादाबाद मंडल के अनुसार अब बरेली से होकर तीन वंदे भारत ट्रेनें गुजरेंगी, जिससे जिले को रेलवे नेटवर्क में नई पहचान मिलेगी।
इस अवसर पर रेलवे प्रशासन ने विशिष्ट अतिथियों को निःशुल्क यात्रा टिकट भी प्रदान किए ताकि वे ट्रेन की सुविधाओं का अनुभव कर सकें।

स्वागत के दौरान महिलाओं ने हाथों में तिरंगा लहराया, छात्राओं ने गीतों के माध्यम से खुशी व्यक्त की। कैंट विधायक के प्रतिनिधि प्रदीप मलिक, स्कूल की छात्राएं, रेलवे अधिकारी-कर्मचारी, जीआरपी और आरपीएफ पुलिस बल बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पूरा स्टेशन परिसर देशभक्ति और विकास के उत्सव में डूबा दिखाई दिया।

SP_Singh AURGURU Editor