दलालों से बचें, सीधे टोरेंट पावर से जुड़ें: आगरा में उपभोक्ताओं के लिए तीन ग्राहक सेवा केंद्र

बिजली कनेक्शन, बिल, शिकायत या विद्युत सेवाओं से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए उपभोक्ताओं को भटकने और बिचौलियों के चक्कर में पड़ने की जरूरत नहीं है। टोरेंट पावर ने आगरा शहर में तीन ग्राहक सेवा केंद्र संचालित किए हुए हैं, जहां कार्यदिवसों में प्रशिक्षित कर्मचारियों के माध्यम से विभिन्न विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी दलाल या अनधिकृत व्यक्ति के बजाय सीधे टोरेंट पावर के अधिकृत केंद्रों और माध्यमों से संपर्क करें।

Aug 13, 2026 - 22:06
Aug 13, 2026 - 23:02
 0
दलालों से बचें, सीधे टोरेंट पावर से जुड़ें: आगरा में उपभोक्ताओं के लिए तीन ग्राहक सेवा केंद्र

आगरा। उपभोक्ताओं को विद्युत संबंधी सेवाएं सहज और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टोरेंट पावर की ओर से शहर में तीन ग्राहक सेवा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। ये केंद्र प्रतापपुरा, जयपुर हाउस तथा चर्च रोड, संजय पैलेस के सामने राम रघु हॉस्पिटल के पास स्थित हैं। कार्यदिवसों में उपभोक्ता इन केंद्रों पर पहुंचकर बिजली से संबंधित शिकायत, नए कनेक्शन, बिल अथवा अन्य आवश्यक विद्युत सेवाओं के संबंध में जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

टोरेंट पावर की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि इन ग्राहक सेवा केंद्रों पर उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए टोरेंट पावर के प्रशिक्षित एग्जीक्यूटिव तैनात किए गए हैं। केंद्रों पर 10 से 12 काउंटरों के माध्यम से विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अलावा फ्लोर पर मौजूद कर्मचारी उपभोक्ताओं को उनकी जरूरत के अनुसार सही काउंटर तक पहुंचाने और समस्या के समाधान में सहायता करते हैं।

बैठने, पेयजल और टोकन की सुविधा

ग्राहक सेवा केंद्रों पर उपभोक्ताओं की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। यहां बैठने के लिए व्यवस्था, पेयजल और टोकन सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। टोकन व्यवस्था के माध्यम से उपभोक्ताओं को अपनी बारी का इंतजार करने में सुविधा होती है और सेवा प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाता है।

24 घंटे उपलब्ध है सहायता

टोरेंट पावर की ओर से उपभोक्ताओं के लिए 24x7 कॉल सेंटर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। उपभोक्ता किसी भी समय विद्युत संबंधी शिकायत अथवा आवश्यक जानकारी के लिए कॉल सेंटर से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा टोरेंट पावर के मोबाइल ऐप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराने, आवश्यक जानकारी प्राप्त करने और विभिन्न विद्युत सेवाओं का लाभ लेने की सुविधा उपलब्ध है।

त्वरित समाधान प्राथमिकता: संजय कुमार

कंपनी के उपाध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर और सहज सेवाएं उपलब्ध कराना टोरेंट पावर की प्राथमिकता है। निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति के साथ-साथ उपभोक्ताओं को त्वरित सेवा उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को विद्युत सेवाओं के लिए सही और अधिकृत माध्यम का इस्तेमाल करना चाहिए, ताकि उनकी समस्याओं का उचित तरीके से समाधान हो सके।

दलालों से बचें, सीधे टोरेंट पावर से संपर्क करें

टोरेंट पावर ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि विद्युत संबंधी किसी भी कार्य के लिए किसी दलाल, बिचौलिए या अनधिकृत मध्यस्थ के माध्यम से संपर्क न करें। उपभोक्ता सीधे टोरेंट पावर के अधिकृत अधिकारियों और ग्राहक सेवा केंद्रों से संपर्क कर अपनी समस्या का समाधान प्राप्त करें।

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ग्राहक सेवा केंद्रों के बाहर यदि किसी ठेकेदार अथवा अन्य व्यक्ति की ओर से कोई काउंटर लगाया गया है, तो उसका टोरेंट पावर से कोई संबंध नहीं है। ऐसे किसी व्यक्ति या काउंटर के माध्यम से विद्युत संबंधी सेवा लेने से उपभोक्ताओं को बचना चाहिए।

कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी के बहकावे में न आएं और सतर्क एवं जागरूक रहें। विद्युत संबंधी किसी भी कार्य के लिए केवल टोरेंट पावर के अधिकृत ग्राहक सेवा केंद्र, कॉल सेंटर, मोबाइल ऐप अथवा अन्य अधिकृत माध्यमों का ही इस्तेमाल करें। कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि उपभोक्ताओं की सहायता के लिए उसकी टीम तत्पर है।

SP_Singh AURGURU Editor