सहजोबाई जन्मोत्सव और तीजोत्सव में सजी भार्गव समाज की संस्कृति, रितु बनीं तीज रानी; पायल महारानी और मंजू राजमाता चुनी गईं, पारंपरिक परिधान, मेहंदी, गजरे, खेल और झूले ने बढ़ाया उत्साह

आगरा। भार्गव महिला सभा आगरा की ओर से सहजोबाई जन्मोत्सव एवं तीजोत्सव पर्व का आयोजन 16 अगस्त को मुंबई वाली बगीची में श्रीमती बृजेश की अध्यक्षता में हर्षोल्लास के साथ किया गया। महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर अपनी संस्कृति और परंपराओं का रंग बिखेरा। कार्यक्रम में रितु को तीज रानी, पायल को तीज महारानी और मंजू को तीज राजमाता चुना गया। तीजोत्सव के दौरान प्रश्नोत्तरी, सरप्राइज गेम, मेहंदी, गजरे, बिंदी, सेवइयों के वितरण के साथ नृत्य और झूले का भी आनंद लिया गया।

Aug 16, 2026 - 22:00
 0
सहजोबाई जन्मोत्सव और तीजोत्सव में सजी भार्गव समाज की संस्कृति, रितु बनीं तीज रानी; पायल महारानी और मंजू राजमाता चुनी गईं, पारंपरिक परिधान, मेहंदी, गजरे, खेल और झूले ने बढ़ाया उत्साह
भार्गव महिला सभा आगरा की ओर से रविवार को आयोजित सहजोबाई जन्मोत्सव एवं तीजोत्सव समारोह की एक झलक।

कार्यक्रम का शुभारंभ ईश वंदना और दीप प्रज्वलन से हुआ। दीप प्रज्वलन पूर्व अध्यक्षों एवं मंचासीन पदाधिकारियों ने किया। समयबद्धता के लिए श्रीमती रेनू और श्रीमती प्रीति को पुरस्कार प्रदान किया गया।

इसके बाद सभा की सदस्य श्रीमती प्रेमलता के निधन पर उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। श्रद्धांजलि के बाद सभा को पांच मिनट के लिए स्थगित किया गया।

पूर्व अध्यक्षों का सम्मान

कार्यक्रम में सभी पूर्व अध्यक्षों को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। अध्यक्ष श्रीमती बृजेश ने संबोधन में सभा की गतिविधियों और समाज की एकजुटता पर विचार रखे। इसके बाद श्रीमती संगीता ने सभा की रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित सदस्यों ने पुष्टि प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन भी श्रीमती संगीता ने किया।

सहजोबाई पर प्रश्नोत्तरी और सरप्राइज गेम

सहजोबाई के जीवन और योगदान पर आधारित प्रश्नोत्तरी श्रीमती अंशु ने कराई। इसके बाद श्रीमती संगीता, अल्पा, अलका, प्रतिमा, कविता, प्रीति, संदीप, बृजेश और अंशु ने विभिन्न सरप्राइज गेम कराकर महिलाओं का मनोरंजन किया।

कार्यक्रम में सहयोग राशि पूजा, निधि, राखी रानी, अंजलि, अनिला, सिम्मी, वंदना, अनीता आदि बहनों ने प्रदान की। सभी सहयोगकर्ताओं का माला और पटका पहनाकर स्वागत किया गया।

ग्लोबल भार्गव महिला सभा के नवनिर्वाचित सदस्यों का सम्मान

ग्लोबल भार्गव महिला सभा में मनोनीत एवं निर्वाचित होकर आए सदस्यों का भी सम्मान किया गया। श्रीमती अंशु को उपाध्यक्ष, श्रीमती अल्पा को सचिव तथा श्रीमती प्रीति जितेंद्र और श्रीमती समता को कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित होने पर माला और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।

पारंपरिक परिधानों में सजीं महिलाएं

तीजोत्सव में सभी बहनों ने अपनी संस्कृति और परंपरा को ध्यान में रखते हुए लहंगा-चुन्नी एवं साड़ी पहनकर सहभागिता की। पूरे आयोजन में महिलाओं का उत्साह देखते ही बना। तीजोत्सव के दौरान रितु, कमला नगर को तीज रानी, पायल को महारानी और मंजू, दयालबाग को राजमाता चुना गया।

सिंजारे के रूप में महिलाओं को गजरे, मेहंदी, बिंदी और सेवइयां वितरित की गईं। महिला सभा की ओर से दो मनोरंजक खेल भी आयोजित किए गए। इसके बाद महिलाओं ने नृत्य किया और झूले का आनंद लिया।

कार्यक्रम में भार्गव सभा के अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष का महिला सभा की ओर से सम्मान किया गया। अंत में सभी ने दाल-बाटी-चूरमा का आनंद लिया। इसके साथ ही आयोजन की समाप्ति की घोषणा की गई।

SP_Singh AURGURU Editor