आगरा में 'साइकिल चोर गैंग' का पर्दाफाश,सीसीटीवी में कैद हुए किशोर,कबाड़ी को बेचते थे साइकिलें
आगरा के थाना सदर क्षेत्र स्थित सोहल्ला डिफेंस कॉलोनी में लगातार हो रही साइकिल चोरियों का खुलासा सीसीटीवी फुटेज से हुआ है। फुटेज में कुछ किशोर साइकिल चोरी करते दिखाई दिए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरी की गई साइकिलों को कबाड़ी के यहां बेच दिया जाता था। पुलिस किशोरों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
आगरा। थाना सदर के सोहल्ला क्षेत्र की डिफेंस कॉलोनी में लगातार हो रही साइकिल चोरियों का आखिरकार खुलासा हो गया। लंबे समय से इलाके के लोग साइकिल चोरी की घटनाओं से परेशान थे, लेकिन जब एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सामने आई तो हर कोई हैरान रह गया। फुटेज में कुछ किशोर साइकिल चोरी करते हुए साफ दिखाई दिए।
जानकारी के अनुसार, सोहल्ला डिफेंस कॉलोनी में अब तक करीब एक दर्जन साइकिलें चोरी हो चुकी हैं। लगातार हो रही चोरियों के कारण कॉलोनी के लोगों में दहशत और नाराजगी थी। कई बार शिकायत के बावजूद चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।
इसी बीच एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में किशोर बड़ी आसानी से साइकिल लेकर जाते हुए नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराई।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ये किशोर चोरी की गई साइकिलों को कबाड़ी के यहां बेच देते थे, जिससे उन्हें आसानी से पैसे मिल जाते थे। इस खुलासे के बाद इलाके के लोग भी हैरान हैं कि जिन बच्चों पर किसी को शक नहीं था, वही लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
सूचना मिलने पर थाना सदर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर किशोरों की पहचान कर उनसे पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी की गई साइकिलें किस-किस कबाड़ी को बेची गईं और इस पूरे मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।