सुकेश केस में बड़ा ट्विस्ट, जैकलीन फर्नांडिस ने खेला दांव, कोर्ट से कहा- 'मैं बनूंगी महाठग के खिलाफ सरकारी गवाह'
सुकेश चंद्रशेखर मनी लॉन्ड्रिंग केस में बड़ा मोड़ आ गया है। बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस ने दिल्ली कोर्ट में कहा है कि वह इस मामले में सरकारी गवाह (एप्रूवर) बनना चाहती हैं। इस पर अदालत ने साफ किया कि उन्हें इसके लिए ईडी के पास औपचारिक अर्जी देनी होगी। अगर जैकलीन फर्नांडिस को एप्रूवर बनने की मंजूरी मिलती है, तो केस में बड़ा खुलासा हो सकता है।
नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस ने सुकेश चंद्रशेखर मनी लॉन्ड्रिंग केस में तगड़ा ट्विस्ट देते हुए दिल्ली स्थित पटियाला हाउस कोर्ट में कहा कि वे अप्रूवर (सरकारी गवाह) बनना चाहती हैं। इस पर कोर्ट ने उन्हें स्पष्ट कर दिया कि इसके लिए उन्हें इनफोर्समेंट डायरेक्टरेट के पास औपचारिक आवेदन करना होगा। कोर्ट ने इस मामले में ईडी को नोटिस भी जारी किया है और अगली सुनवाई की तारीख 20 अप्रैल तय की है। इसके अलावा, जैकलीन को 24 अप्रैल से 25 मई के बीच विदेश यात्रा की अनुमति भी दे दी गई है। हालांकि, इस दौरान उन्हें तय शर्तों का पालन करना होगा और जांच में सहयोग जारी रखना होगा।
कोर्ट ने कहा कि प्रक्रिया के अनुसार जैकलीन फर्नांडिस को पहले ईडी के समक्ष अपना बयान दर्ज कराना होगा। जांच एजेंसी उनके बयान के आधार पर तय करेगी कि उन्हें अप्रूवर बनाने के लिए कोर्ट में आवेदन किया जाए या नहीं। यह घटनाक्रम इसके बाद आया है जब सुप्रीम कोर्ट ने जैकलीन के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही रद्द करने की याचिका खारिज कर दी थी।
सुकेश चंद्रशेखर फिलहाल कई मामलों में जेल में बंद हैं। उन्होंने खुद को जैकलीन फर्नांडिस का बॉयफ्रेंड बताया है और जेल से कई पत्र लिखकर अपनी भावनाएं जताई हैं। लीक हुई कुछ तस्वीरों में दोनों एक-दूसरे के साथ दिखे हैं। हालांकि, जैकलीन ने कोर्ट में दावा किया था कि सुकेश ने उन्हें धोखा दिया और खुद को सफल बिजनेसमैन बताकर गुमराह किया।
ईडी की जांच के अनुसार, सुकेश चंद्रशेखर ने करीब 200 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग की थी। इस केस में जैकेलीन को आरोपी बनाया गया है। ईडी का आरोप है कि एक्ट्रेस को सुकेश से महंगे गिफ्ट्स मिले थे। जिनमें लग्जरी घड़ियां, बैग और अन्य आइटम शामिल हैं। जैकेलीन ने इन गिफ्ट्स को स्वीकार किया था लेकिन यह दावा किया कि उन्हें सुकेश की आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी नहीं थी।
इस नई डेवलपमेंट से केस की दिशा पूरी तरह बदल सकती है। अगर ईडी जैकेलीन को सरकारी गवाह बनाती है तो वे सुकेश और अन्य आरोपियों के खिलाफ गवाही दे सकती हैं। इससे सुकेश के खिलाफ सबूत और मजबूत हो सकते हैं।
पिछले साल सितंबर में सुप्रीम कोर्ट ने जैकेलीन की याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा था कि वे उचित समय पर कोर्ट आएं। दिल्ली हाईकोर्ट ने भी जुलाई 2025 में उनकी याचिका खारिज कर दी थी जिसमें उन्होंने ईडी के केस को रद्द करने की मांग की थी।
जैकेलीन की इस अप्रूवर बनने की मांग को बॉलीवुड और कानूनी गलियारों में चौंकाने वाला कदम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, अभिनेत्री अब केस से जल्दी निपटना चाहती हैं ताकि उनका करियर और इमेज प्रभावित न हो।