मिशन-2027 की तैयारियों में जुटी भाजपा, दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का जोशीला स्वागत, संगठन को धार देने पर फोकस
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उत्तर प्रदेश का उनका यह पहला विस्तृत संगठनात्मक दौरा है, जिसे पार्टी आगामी चुनावी रणनीति की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम मान रही है। इस दौरान उनका मुख्य फोकस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने और सरकार व संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर रहेगा।
भव्य स्वागत और रोड शो से हुआ आगाज
लखनऊ पहुंचने पर नितिन नवीन का पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। यहां भाजपा अध्यक्ष की अगवानी के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह तथा प्रदेश सरकार के सभी मंत्री मौजूद थे। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक निकले रोड शो में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। पूरे मार्ग पर भाजपा के झंडों और बैनरों से उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
पहले दिन संगठन और सरकार के साथ मंथन
दौरे के पहले दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कर संगठन की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और संगठन की सफलता की कामना की।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों तथा विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक कर सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आगामी चुनावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया। भाजपा कोर कमेटी की बैठक में भी संगठनात्मक मजबूती और राजनीतिक चुनौतियों पर विस्तार से मंथन हुआ। दिन का समापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रात्रिभोज के दौरान अनौपचारिक चर्चा के साथ हुआ।
दूसरे दिन बूथ सशक्तीकरण पर विशेष जोर
दौरे के दूसरे दिन नितिन नवीन भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों से मुलाकात कर उनके अनुभवों और सुझावों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ बैठक कर आगामी चुनाव में साझा रणनीति और समन्वय को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे, जहां बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ता सक्रियता और संगठन के विस्तार को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान वे एक बूथ अध्यक्ष के आवास पर भी पहुंचेंगे और बूथ स्तर पर चल रही संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि चुनावी सफलता की सबसे मजबूत नींव बूथ स्तर पर सक्रिय संगठन ही होता है।
2027 के चुनाव की रणनीति को मिलेगी नई दिशा
भाजपा इस दौरे को केवल संगठनात्मक बैठक तक सीमित नहीं मान रही, बल्कि इसे 'मिशन-2027' के औपचारिक अभियान की शुरुआत के रूप में देख रही है। पार्टी का लक्ष्य नवगठित प्रदेश टीम को स्पष्ट दिशा देना, बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को अधिक प्रभावी बनाना, सरकार और संगठन के बीच समन्वय को मजबूत करना तथा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत चुनावी आधार तैयार करना है।