बीजेपी को मिला नया ‘सारथी’, नितिन नबीन निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए, कल संभालेंगे कमान, पार्टी मुख्यालय में होगा भव्य पदभार ग्रहण समारोह, यूपी के प्रस्ताव के दौरान आगरा के दोनों सांसद भी मौजूद रहे

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। वरिष्ठ नेता नितिन नबीन को निर्विरोध रूप से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। वे 20 जनवरी को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही बीजेपी के संगठनात्मक नेतृत्व में एक नई पीढ़ी के युग की शुरुआत मानी जा रही है।

Jan 19, 2026 - 20:28
Jan 19, 2026 - 20:29
 0
बीजेपी को मिला नया ‘सारथी’, नितिन नबीन निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए, कल संभालेंगे कमान, पार्टी मुख्यालय में होगा भव्य पदभार ग्रहण समारोह, यूपी के प्रस्ताव के दौरान आगरा के दोनों सांसद भी मौजूद रहे
भाजपा के नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को शुभकामनाएं देते प्रधानोमंत्री नरेंद्र मोदी।

पदभार सौंपने का औपचारिक कार्यक्रम मंगलवार को सुबह 11:30 बजे पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

ऐसे पूरी हुई चुनाव प्रक्रिया

बीजेपी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया सभी निर्धारित संवैधानिक मानकों के तहत पूरी की गई। पार्टी के कुल 36 में से 30 प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव संपन्न हो चुका था, जो 50 प्रतिशत की अनिवार्य शर्त से अधिक है।

डॉ. लक्ष्मण के अनुसार, 16 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की गई थी और उसी दिन मतदाता सूची भी प्रकाशित कर दी गई थी। तय कार्यक्रम के अनुसार 19 जनवरी 2026 को दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई।

37 प्रस्ताव और एक नाम

राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी ने बताया कि नितिन नबीन के समर्थन में कुल 37 सेट में नामांकन पत्र दाखिल किए गए। जांच के दौरान सभी नामांकन पत्र सही और वैध पाए गए। नामांकन वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के बाद कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं रहा।

डॉ. के. लक्ष्मण ने औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि अध्यक्ष पद के लिए केवल नितिन नबीन का ही नामांकन शेष रहने के कारण उन्हें निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया जाता है।

बीजेपी की आगे की रणनीति का संकेत

45 वर्षीय नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना बीजेपी में नेतृत्व के पीढ़ीगत बदलाव का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह फैसला पार्टी की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत संगठन को और अधिक मजबूत करने के साथ-साथ युवा नेतृत्व को आगे लाने पर जोर दिया जा रहा है। खास बात यह है कि यह परिवर्तन बीजेपी के 45 वर्ष के संगठनात्मक इतिहास से भी प्रतीकात्मक रूप से जुड़ता है।

यूपी की ओर से सीएम योगी के नेतृत्व में दिया गया प्रस्ताव, प्रो. बघेल और चाहर रहे मौजूद

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में नितिन नबीन के समर्थन में यूपी की ओर से प्रस्ताव पेश करते सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, आगरा के सांसद और केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और फतेहपुर सीकरी के सांसद राज कुमार चाहर।

राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नितिन नबीन के समर्थन में सभी राज्यों की ओर से प्रस्ताव दिये गये। उत्तर प्रदेश राज्य की ओर से भी प्रस्ताव दिया गया। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री और आगरा के सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल, फतेहपुर सीकरी के सांसद और भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज कुमार चाहर, यूपी के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, सूर्य प्रताप शाही, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय, भूपेंद्र चौधरी समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, मंत्री मौजूद थे।

SP_Singh AURGURU Editor