बलात्कार की कोशिश और रंगदारी मांगने का आरोपी भाजयुमो नेता पद से बर्खास्त, निष्कासन की संस्तुति

  बरेली। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) फरीदपुर नगर अध्यक्ष प्रदीप यादव को बलात्कार की कोशिश, अपहरण, बंधक बनाना और पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने के गंभीर आरोपों के चलते पद से हटा दिया गया है। उसकी सदस्यता समाप्त करने की संस्तुति भी की गई है।

Jul 10, 2025 - 13:42
 0
बलात्कार की कोशिश और रंगदारी मांगने का आरोपी भाजयुमो नेता पद से बर्खास्त, निष्कासन की संस्तुति

-ऑडियो वायरल के बाद मचा बवाल, पुलिस ने तेज की गिरफ्तारी की कोशिश, पुराना आपराधिक इतिहास भी आया सामने

पीड़िता द्वारा दर्ज एफआईआर के साथ वायरल हुए दो ऑडियो क्लिप्स ने मामले को और सनसनीखेज बना दिया है, जिनमें प्रदीप यादव एक में महिला को गाली-गलौज करता है, तो दूसरे में उसके पति से मुकदमे से नाम हटवाने के बदले पांच लाख रुपये मांगता सुना जा सकता है। पीड़िता ने एक माह पहले प्रदीप यादव पर अपहरण कर बंधक बनाने और रेप की कोशिश का आरोप लगाया था।

पार्टी ने बनाई दूरी, संगठन से बाहर का रास्ता

भाजपा आंवला इकाई के जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्रदीप यादव की गतिविधियां पार्टी की मर्यादा के अनुरूप नहीं हैं। इसीलिए भाजयुमो जिलाध्यक्ष राजू उपाध्याय ने उसे पद मुक्त कर दिया है और पार्टी से निष्कासन की संस्तुति भेजी गई है। राजू उपाध्याय द्वारा जारी पत्र में यह स्पष्ट किया गया है कि प्रदीप की हरकतों से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा है।

वायरल ऑडियो में नेताओं और पुलिस पर भी सवाल

एक ऑडियो में प्रदीप यादव पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पुलिस अधिकारियों का नाम लेकर पीड़िता के पति से रकम की मांग करता है और कहता है कि सबको हिस्सा देना होगा। इस बातचीत के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रदीप यादव के भाजपा नेताओं के साथ फोटो और वीडियो भी वायरल हो गए, जिससे पार्टी नेतृत्व को घेरे में लिया जाने लगा।

पुलिस ने तेज की दबिश, पुराने मामलों की भी जांच

फरीदपुर थानाध्यक्ष राधेश्याम ने बताया कि प्रदीप यादव की गिरफ्तारी के लिए दबिशें बढ़ा दी गई हैं। साथ ही, उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। जांच में पता चला है कि वह गरीब की झोपड़ी में आग लगाने और उस पर बुलडोजर चलवाने के मामले में भी जेल जा चुका है। इसका मुकदमा फरीदपुर थाने में ही दर्ज है।

SP_Singh AURGURU Editor