रेजीनगर-नंदीग्राम में भाजपा का भगवा, धारापुरम में टीवीके ने किया फतह
छह सीटों पर उपचुनाव में तीन सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की है। तमिलनाडु में विजय की पार्टी ने प्रदर्शन दोहराया है। थट्टनचावडी सीट पर एआईएनआर ने जीत दर्ज की है।
कोलकाता-चेन्नई। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी में हुए उपचुनाव के नतीजों की तस्वीर साफ हो गई है। बीजेपी ने पश्चिम बंगाल की रेजीनगर और नंदीग्राम सीट पर जीत हासिल की है। इधर, टीवीके ने भी तमिलनाडु की धारापुरम सीट पर अपनी विजयी पताका फहरा दी है। वहीं, मदुरांतकम में टीवीके आगे चल रही है, संभवत: यह सीट भी टीवीके के खाते में जाने की उम्मीद है। ऐसे में विधानसभा में वोटों की संख्या में इजाफा होते ही पार्टी मजबूत स्थिति में आ जाएगी। इसके अलावा पुड्डुचेरी में हुए उपचुनाव में थट्टांचावडी सीट का रिजल्ट जारी हो चुका है। यहां से अखिल भारतीय एन आर कांग्रेस उम्मीदवार अशोक आनंद ने जीत दर्ज की है। इस चुनाव में कांग्रेस के पास एक भी सीट नहीं आई है।
भारतीय जनता पार्टी ने बंगाल में लंबे वक्त के बाद सत्ता में वापसी की। पिछले विधानसभा चुनाव में जीत के बाद अब उसका रेजीनगर और नंदीग्राम में टेस्ट पास कर लिया है। वहीं तमिलनाडु में तमिलगा वेट्री कझगम ने डेब्यू में ही जीत दर्ज की। मुख्यमंत्री विजय के लिए यह उपचुनाव परीक्षा की तरह था।
तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ था। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती हुई। उसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में दर्ज वोटों की गिनती हुई। अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षित इन दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को वोटिंग हुई थी। इन दोनों सीटों के लिए सत्ताधारी पार्टी और विपक्ष के बड़े नेताओं की ओर से जोरदार चुनाव प्रचार किया गया था।
यह उपचुनाव टीवीके के लिए काफी अहम था। टीवीके विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सत्ता में आई थी. उसके पास अभी पूर्ण बहुमत नहीं है।
पीएम मोदी ने उपचुनाव में बीजेपी की जीत पर कहा है कि लोगों के लगातार मिल रहे आशीर्वाद के लिए उनका आभार! नगांव (असम) के लोकसभा चुनाव और नंदीग्राम और रेजीनगर (पश्चिम बंगाल) के विधानसभा चुनाव के नतीजे एक बार फिर दिखाते हैं कि लोगों का भाजपा-एनडीए के सुशासन के एजेंडे से गहरा जुड़ाव है।
पीएम ने कहा कि मैं जीत हासिल करने वाले BJP उम्मीदवारों को बधाई देता हूं और अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की भी सराहना करता हूं। मैं पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट पर जीत के लिए एनडीए के अपने अहम सहयोगी, एआईएनआरसी को भी बधाई देता हूं। यह जनादेश हमें और मज़बूती देगा, क्योंकि हम लोगों की भलाई और उनके बेहतर व समृद्ध भविष्य की उम्मीदों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
सीएम विजय ने कहा है कि टीवीके की उपचुनाव जीत निजी हमलों के खिलाफ एक जीत है। मदुरंतकम-धारापुरम में पार्टी की जीत सिर्फ चुनावी नहीं थी। महिलाओं के बारे में अपमानजनक टिप्पणियों और ईमानदार नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ धोखे को करारा जवाब भी थी।
धारापुरम में टीवीके की सत्यभामा ने धारापुरम में जीत हासिल की है। 23 राउंड की गिनती के बाद टीवीके की सत्यभामा धारापुरम से विजय हुईं हैं। डीएमके की सुगन्या को 9471 वोटों से हराया है।
नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव को बीजेपी उम्मीदवार हसी रानी रथ ने 1,22,753 वोट से जीत लिया है। वहीं, कांग्रेस के मिलन प्रधान का हार का सामना करना पड़ा। बीजेपी उम्मीदवार को 1,644,27 वोट मिले हैं।