एक पहल पाठशाला में रक्तदान शिविरः 50 से अधिक युवाओं ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
आगरा। स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करने और ब्लड बैंक में रक्त की कमी को पूरा करने के उद्देश्य से शिक्षा प्लस इनिशिएटिव शिव नाडर फाउंडेशन एवं एक पहल बी. आर. मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी द्वारा श्री बालाजी चैरिटेबल ब्लड सेंटर के सहयोग से रविवार को दयालबाग स्थित एक पहल पाठशाला में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 50 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
आयोजकों ने बताया कि रक्तदान एक पूर्णतः सुरक्षित और जीवनरक्षक प्रक्रिया है, जिससे गंभीर रूप से बीमार अथवा दुर्घटना पीड़ित ज़रूरतमंदों की जान बचाई जा सकती है। शिविर का मुख्य उद्देश्य ब्लड बैंक में उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करना रहा।
रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में मनीष राय, अंकित खंडेलवाल, अश्लेष मित्तल, पुष्पेंद्र सिंह, सुखवीर सिंह, अंजू कुमारी, शालू, डॉ. सुनील शर्मा, राहुल, अम्ब्रिश, विष्णु सहित अन्य सहयोगियों की सक्रिय भूमिका रही। स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने सभी रक्तदाताओं की चिकित्सकीय जांच के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया।
शिविर के समापन पर सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित कर समाज में सेवा और संवेदना की भावना को और सुदृढ़ किया जाएगा।