रघुनाथपुरा में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, सात घायल

आगरा। बाह थाना क्षेत्र के रघुनाथपुरा गांव में जमीन की रंजिश में हुआ झगड़ा इतना बढ़ा कि दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे चल गए। इस संघर्ष में सात लोग घायल हुए हैं।

Nov 22, 2024 - 12:42
 0
रघुनाथपुरा में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, सात घायल
संघर्ष में घायल एक युवक अस्पताल में उपचाररत।

गांव के दो पक्षों में जमीन को लेकर पूर्व में भी झगड़ा हो चुका है, जिसका मामला कोर्ट में विचाराधीन है। बताया जाता है कि एक पक्ष के लोगों ने कोर्ट में लंबित मामले को लेकर दूसरे पक्ष पर दबाव बनाया था और नौबत झगड़े से बढ़कर खूनी संघर्ष तक पहुंच गई।

रघुनाथपुरा गांव में यह खूनी संघर्ष जीतपाल और रमेश चंद्र के पक्षों के बीच हुआ। झगड़े में एक पक्ष से शीला देवी पत्नी जीत पाल, किशोरी लाल पुत्र शोभाराम, रामकली पत्नी शोभाराम, योगेश पुत्र जीतपाल, शोभाराम पुत्र चरण सिंह और दूसरे पक्ष के रमेश चंद्र पुत्र डालचंद, राहुल पुत्र महीपत समेत सात लोग घायल हुए हैं।

संघर्ष की सूचना मिलने पर बाह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के घायलों को इलाज और मेडिकल के लिए सीएचसी में भर्ती कराया।

 

दोनों पक्षों के लोगों ने झगड़े के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीरों के आधार पर जांच कर रही है।

SP_Singh AURGURU Editor