बीएनपी ने 151 सीटें जीतकर छुआ बहुमत का जादुई आंकड़ा, तारिक रहमान बनेंगे अगले प्रधानमंत्री

बांग्लादेश में 13वें राष्ट्रीय चुनाव के लिए गुरुवार को वोट डाले गए थे। इसके बाद मतगणना की जा रही है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, बांग्लादेश नेशलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने 151 सीटें जीतकर बहुमत का आंकड़ा छू लिया है।

Feb 13, 2026 - 06:27
 0
बीएनपी ने 151 सीटें जीतकर छुआ बहुमत का जादुई आंकड़ा, तारिक रहमान बनेंगे अगले प्रधानमंत्री

ढाका। बांग्लादेश चुनाव में तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने 13वें राष्ट्रीय चुनावों में पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, बीएनपी ने अब तक 151 सीटें जीत ली हैं। इसके साथ ही 300 सदस्यों वाली संसद में पार्टी ने बहुमत का जादुई आंकड़ा छू लिया है। शुरुआती ट्रेंड्स से पता चलता है कि देश की सबसे बड़ी इस्लामिक पार्टी जमात-ए-इस्लामी मुख्य विपक्ष के तौर पर उभरेगी। जमात ने अभी तक 43 सीटें जीती हैं। देश में जुलाई 2024 के छात्र विद्रोह के बाद यह पहला राष्ट्रीय चुनाव है। शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग को प्रतिबंध लगाकर इस चुनाव से बाहर कर दिया गया है।


बीएनपी चेयरमैन तारिक रहमान ने दो चुनाव क्षेत्रों ढाका-17 और बोगरा-6 से सीट हासिल की है। पार्टी के पूर्ण बहुमत हासिल करने के बाद तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना तय माना जा रहा है। गुरुवार को वोटिंग के बाद रहमान ने कहा था कि अगर वह चुने जाते हैं तो कानून व्यवस्था की स्थिति को सुधारना उनकी प्राथमिकता होगी। बीएनपी के सेक्रेटरी जनरल मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने ठाकुरगांव-1 सीट पर जीत हासिल की है।


बांग्लादेश चुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7:30 बजे मतदान शुरू हुआ और 9 घंटे तक बिना रुके चलता रहा। मतदाताओं ने दो अलग-अलग बैलट पेपर इस्तेमाल किए, जिसमें एक संसदीय चुनाव के लिए और दूसरे रेफरेंडम के लिए था। देश के 300 संसदीय क्षेत्रों में से 299 में चुनाव हुए। शेरपुर-3 संसदीय क्षेत्र में एक प्रत्याशी की मौत के बाद वोटिंग टाल दी गई।

बांग्लादेश में करीब दो दशकों से सत्ता से बाहर रही बांग्लादेश नेशलिस्ट पार्टी ने इन चुनावों में जबर्दस्त वापसी की है। अनऑफिशियल नतीजों और पार्टी की अपनी गिनती के अनुसार, आज सुबह तक बीएनपी और उसके सहयोगी 170 सीटों पर आगे चल रहे थे। बीएनपी ने उम्मीद जताई है कि उसे दो तिहाई से ज्यादा बहुमत मिलेगा।