आगरा में ‘बुलेट वाली बहू’ की रील वायरल, बिना हेलमेट हाईवे पर दौड़ाई बाइक

आगरा में एक युवती का मथुरा-आगरा हाईवे पर बिना हेलमेट बुलेट चलाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। युवती ने पारंपरिक मराठी ड्रेस और गहने पहनकर फिल्मी अंदाज में बाइक चलाते हुए रील बनाई और इसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। वीडियो में बाइक की नंबर प्लेट पर नंबर दिखाई नहीं दे रहा है। सोशल मीडिया यूजर्स ने आगरा पुलिस को टैग कर कार्रवाई और चालान की मांग की है। डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू होने की पुष्टि की है।

Aug 12, 2026 - 14:28
 0
आगरा में ‘बुलेट वाली बहू’ की रील वायरल, बिना हेलमेट हाईवे पर दौड़ाई बाइक
हाईवे पर बिना हेलमेट के बुलेट चलाती महिला।

आगरा। आगरा में सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली एक रील अब पुलिस के लिए जांच का विषय बन गई है। मथुरा-आगरा हाईवे पर एक युवती का बुलेट चलाते हुए वीडियो सामने आया है। खास बात यह है कि युवती ने हेलमेट नहीं पहना है और चलती बाइक पर फिल्मी अंदाज में रील बनाती नजर आ रही है। वीडियो में युवती मराठी अंदाज की ड्रेस और गहनों से सजी हुई दिखाई दे रही है। आंखों पर काला चश्मा है और वह हाईवे पर बुलेट दौड़ाते हुए कभी कैमरे की ओर देखकर हाथ और चेहरे से इशारे करती है तो कभी एक हाथ से अपनी साड़ी संभालती दिखाई देती है। युवती ने बाइक चलाते समय अपना एक पैर बुलेट के लेगगार्ड पर भी रखा हुआ है। यानी हाईवे पर बाइक चलाने के साथ-साथ कैमरे के लिए अलग-अलग पोज भी दिए जा रहे हैं। इसी वजह से वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

‘मेरी बाइक को पूरा आगरा पहचानता है...’

वीडियो को इंस्टाग्राम के PRXYA.JADON अकाउंट से पोस्ट किया गया है। रील के साथ युवती ने लिखा- “बाइक से इतने कांड कर चुकी हूं। मेरी बाइक को पूरा आगरा पहचानता है। युवती का यह कैप्शन ही अब सोशल मीडिया यूजर्स के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद लोग यातायात नियमों को लेकर सवाल उठा रहे हैं और पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

नंबर प्लेट पर भी उठे सवाल

वीडियो में बुलेट के आगे नंबर प्लेट लगी दिखाई दे रही है, लेकिन उस पर कोई नंबर स्पष्ट रूप से लिखा नजर नहीं आ रहा। नंबर प्लेट पुलिस के रंग में रंगी हुई दिखाई दे रही है। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने बाइक के मालिक और उसके नंबर को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। कुछ लोगों ने दावा किया कि बाइक किसी पुलिसकर्मी की हो सकती है, हालांकि इसकी अभी पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं हुई है।

यूजर्स ने आगरा पुलिस को किया टैग

वीडियो वायरल होने के बाद कमेंट बॉक्स में लोगों ने आगरा पुलिस से कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। करन देशी ब्राह्मण नाम के यूजर ने लिखा कि जिस गाड़ी का इस्तेमाल किया जा रहा है, उसका नंबर भी दिखाया जाना चाहिए। रायल फौजी नाम के यूजर ने बिना हेलमेट बाइक चलाने को लेकर चालान की मांग की। वहीं पुलकित नाम के यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि गौर से देखने पर यह पुलिस की बाइक लग रही है। एक अन्य यूजर ने आगरा पुलिस को टैग करते हुए सवाल किया कि अगर यही बाइक किसी आम नागरिक की होती तो क्या पुलिस अब तक कार्रवाई नहीं करती?

‘बाइक पुलिसकर्मी की है तो क्या नियम अलग हैं?’

वीडियो पर कुछ यूजर्स ने यह भी दावा किया कि बुलेट किसी पुलिसकर्मी की है। इसी आधार पर सोशल मीडिया पर पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की जा रही है। हालांकि, बाइक वास्तव में किसके नाम है और युवती का उससे क्या संबंध है, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अब वीडियो के आधार पर बाइक और युवती की पहचान करने में जुटी है।

डीसीपी ट्रैफिक ने लिया संज्ञान

मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। DCP ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो संज्ञान में आया है। इसमें एक युवती बिना हेलमेट बुलेट चलाती दिखाई दे रही है और हाईवे पर रील बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस यह पता कर रही है कि बुलेट किसके नाम है और वीडियो में दिखाई दे रही युवती कौन है। जांच के बाद नियमों के उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी।

अब पुलिस की जांच इस बात पर टिकी है कि बाइक का वास्तविक मालिक कौन है, नंबर प्लेट पर नंबर क्यों नहीं है और हाईवे पर रील बनाने वाली युवती ने यातायात नियमों का उल्लंघन किया है या नहीं। फिलहाल ‘बुलेट वाली रील’ सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है, लेकिन अब देखना यह है कि वायरल वीडियो के बाद पुलिस का चालान कितनी दूर तक जाता है।