मोदी कैबिनेट में फेरबदल की सुगबुगाहट, कई दिग्गजों के विभाग बदलने और नए चेहरों की एंट्री के संकेत

केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल में जल्द बड़े फेरबदल की राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि रविवार या सोमवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार और फेरबदल हो सकता है। कई वरिष्ठ मंत्रियों के विभाग बदलने, कुछ मंत्रियों की छुट्टी होने और नए चेहरों को मौका मिलने की अटकलें हैं। हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा या पुष्टि नहीं की गई है।

Jun 26, 2026 - 18:46
 0
मोदी कैबिनेट में फेरबदल की सुगबुगाहट, कई दिग्गजों के विभाग बदलने और नए चेहरों की एंट्री के संकेत

नई दिल्ली। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में जल्द बड़े फेरबदल की संभावनाओं को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार रविवार या सोमवार को कैबिनेट विस्तार और मंत्रियों के विभागों में बदलाव किया जा सकता है। हालांकि सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

सूत्रों के मुताबिक पूर्व आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास को केंद्रीय मंत्रिमंडल में  कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल किए जाने की चर्चा है। वहीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का मंत्रालय बदले जाने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। कहा जा रहा है कि उन्हें वित्त मंत्रालय की जगह मानव संसाधन विकास (शिक्षा) मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। राजनीतिक चर्चाओं में यह भी कहा जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और हरदीप सिंह पुरी मंत्रिमंडल से बाहर हो सकते हैं। हालांकि इन दावों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

शिवसेना को मिल सकता है बड़ा प्रतिनिधित्व

महाराष्ट्र की राजनीति को देखते हुए एनडीए सहयोगी शिवसेना को मंत्रिमंडल में अधिक प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना जताई जा रही है। चर्चा है कि सांसद श्रीकांत शिंदे को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। इसके अलावा प्रतापराव जाधव और संजय दिना पाटिल के नाम भी संभावित सूची में बताए जा रहे हैं। जद यू से बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नितीश कुमार को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। 

अनुराग ठाकुर की वापसी की अटकलें

पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की मंत्रिमंडल में वापसी को लेकर भी चर्चाएं हैं। उत्तर प्रदेश से मेरठ के सांसद अरुण गोविल का नाम भी संभावित नए चेहरों में लिया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक यूपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद अब वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को मंत्रिमंडल से हटाया जा सकता है। वहीं पंजाब से नए चेहरों को प्रतिनिधित्व दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। रवीनीत बिट्टू की जगह तरुण चुग को मौका मिलने की अटकलें हैं।
कुछ राजनीतिक हलकों में राघव चड्ढा और अशोक मित्तल के नाम भी चर्चा में बताए जा रहे हैं। हालांकि दोनों एनडीए का हिस्सा नहीं हैं, इसलिए इन दावों को लेकर किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि या विश्वसनीय संकेत सामने नहीं आए हैं।

ऊर्जा मंत्रालय में भी बदलाव की चर्चा

सूत्रों के अनुसार मनोहर लाल खट्टर से बिजली मंत्रालय की जिम्मेदारी वापस लिए जाने की चर्चा है। इसके अलावा विष्णुदत्त शर्मा और जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के नाम भी संभावित मंत्रियों की सूची में शामिल बताए जा रहे हैं।

आधा दर्जन राज्य मंत्रियों पर भी असर संभव

राजनीतिक सूत्रों का दावा है कि करीब आधा दर्जन राज्य मंत्रियों की भी छुट्टी हो सकती है। सरकार आगामी विधानसभा चुनावों, क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन तथा सहयोगी दलों की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल में बदलाव कर सकती है। फिलहाल इन सभी नामों और संभावित बदलावों को लेकर केवल राजनीतिक चर्चाएं और सूत्रों के हवाले से दावे सामने आए हैं। केंद्र सरकार या भारतीय जनता पार्टी की ओर से अभी तक किसी भी फेरबदल या कैबिनेट विस्तार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।