दिल्ली से आए चैन स्नैचर आगरा में दबोचे, सिर्फ छह दिन में खुलासा, चोरी की बाइक व ₹60,300 बरामद
आगरा। कमिश्नरेट आगरा की जगदीशपुरा पुलिस ने सेंट्रल पार्क क्षेत्र में हुई चैन छिनैती की सनसनीखेज वारदात का मात्र छह दिनों में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने सर्विलांस, एसओजी और थाना टीम की संयुक्त कार्रवाई के बाद तीन शातिर बदमाश हनी उर्फ अरप्रीत, साहिब उर्फ प्रभजोत और इकबाल कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से ₹60,300 नगद और घटना में प्रयुक्त चोरी की स्पोर्ट्स बाइक बरामद की गई है।

पीड़ित ने पुलिस को बताया था कि 10 नवंबर 2025 की शाम वह अपने दैनिक कार्य से लौट रहे थे। तभी बाइक सवार दो युवकों ने पास आकर उनकी सोने की चैन छीन ली और मौके से फरार हो गए। मामले में थाना जगदीशपुरा में एफआईआर दर्ज की गई थी।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल सहित आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें स्पोर्ट्स बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। टेक्निकल सर्विलांस और फील्ड विज़िट के आधार पर टीम ने तीनों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे 9 नवंबर को दिल्ली से आगरा आए थे और अगले दिन क्षेत्र की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। छीनी गई चैन को उन्होंने दिल्ली पहुंचकर ₹75,000 में बेच दिया।
चोरी की बाइक से की गई वारदात
आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई स्पोर्ट्स बाइक दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र से चोरी की गई थी। आगरा पुलिस ने बाइक संबंधी विवरण दिल्ली पुलिस को भेज दिया है। गिरफ्तार तीनों आरोपी दिल्ली और एनसीआर में चैन-स्नैचिंग के सक्रिय गैंग का हिस्सा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि हनी उर्फ अरप्रीत पर 57 मुकदमे, इकबाल कुरैशी पर 31 मुकदमे और साहिब उर्फ प्रभजोत पर 5 मुकदमे दर्ज हैं। तीनों अपराधी कई राज्यों की पुलिस के वॉच लिस्ट में शामिल थे और लगातार निगरानी में थे।
संयुक्त अभियान में मिली सफलता
कार्रवाई में थाना जगदीशपुरा पुलिस, एसओजी टीम और सर्विलांस सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार, उ.नि. अभिषेक तिवारी, उ.नि. सोहनपाल सिंह के साथ ही कई अन्य पुलिसकर्मी भी ऑपरेशन में शामिल रहे।