चैम्बर अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के समक्ष उठाया आगरा में आईटी सिटी का मुद्दा, मिला सकारात्मक आश्वासन
आगरा। आगरा में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में शहर में आईटी सिटी की स्थापना की मांग एक बार फिर जोरदार ढंग से उठाई गई। चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने शनिवार को आगरा आगमन पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितिन प्रसाद से भेंट कर आगरा में आईटी सिटी स्थापित किए जाने की मांग रखी। राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने मांग पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने राज्यमंत्री को बताया कि आगरा में आईटी सिटी की स्थापना की मांग लंबे समय से की जा रही है। पर्यटन के क्षेत्र में देश-विदेश में पहचान रखने वाले आगरा में सूचना प्रौद्योगिकी उद्योग के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। शहर की सड़क, रेल और हवाई मार्ग से बेहतर कनेक्टिविटी इसे आईटी क्षेत्र के लिए उपयुक्त स्थान बनाती है।
उन्होंने कहा कि आगरा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और नोएडा जैसे प्रमुख आईटी एवं औद्योगिक केंद्रों के अपेक्षाकृत निकट है। ऐसे में यदि आगरा में योजनाबद्ध तरीके से आईटी सिटी विकसित की जाती है तो इसका लाभ न केवल स्थानीय उद्योग और व्यापार को मिलेगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
चैम्बर अध्यक्ष ने कहा कि आईटी उद्योग के विस्तार से आगरा की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिल सकती है। आईटी, सॉफ्टवेयर, स्टार्टअप, डिजिटल सेवाओं और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े नए उद्यम शहर में विकसित हो सकते हैं। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को रोजगार के लिए दूसरे महानगरों की ओर पलायन करने की आवश्यकता भी कम होगी।
उन्होंने केंद्र सरकार से आगरा में आईटी सिटी की स्थापना के लिए आवश्यक संभावनाओं का अध्ययन कराने तथा उपयुक्त स्थान और आधारभूत सुविधाओं को विकसित करने की दिशा में पहल करने का आग्रह किया।
इस दौरान राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने चैम्बर की ओर से रखी गई मांग को गंभीरता से सुना और आगरा में आईटी सिटी की स्थापना के प्रस्ताव पर सकारात्मक कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया।