जलकल की उलझन पर चैम्बर की पहल: समाधान कैम्प में बिल संशोधन से मिली बड़ी राहत

आगरा। व्यापारियों और उपभोक्ताओं को जलकल बिलों की जटिलताओं से राहत दिलाने के उद्देश्य से चैम्बर द्वारा आयोजित जलकल समाधान कैम्प में बड़ी संख्या में सदस्यों ने सहभागिता की। कैम्प के दौरान मौके पर ही बिल संशोधन, नाम परिवर्तन और ओटीएस योजना के अंतर्गत बकाया निस्तारण कराते हुए सदस्यों को सीधी और ठोस राहत मिली।

Jan 28, 2026 - 21:05
 0
जलकल की उलझन पर चैम्बर की पहल: समाधान कैम्प में बिल संशोधन से मिली बड़ी राहत
जलकल बिलों के समाधान के लिए चैंबर सभागार में बुधवार को आयोजित किये गये शिविर की एक झलक।

चैम्बर सभागार में चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल की अध्यक्षता में आयोजित इस जलकल समाधान कैम्प में जलकल विभाग के एक्सईएन प्रेमचंद आर्य, बिल संग्रहणकर्ता अनिल कुमार और कंप्यूटर ऑपरेटर अरुण सक्सेना विशेष रूप से मौजूद रहे।

चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा लागू ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) योजना, जो 31 मार्च तक लागू है, का लाभ लेने के लिए सदस्यों ने बड़ी संख्या में अपने जलकल बिलों में संशोधन कराया। कैम्प में ही संशोधित बिलों का भुगतान भी कराया गया, जिससे सदस्यों को अनावश्यक चक्कर लगाने से मुक्ति मिली।

उन्होंने कहा कि जलकल अधिकारियों द्वारा मौके पर ही बिल संशोधन, नाम परिवर्तन सहित जलकल से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का समाधान किया गया। ओटीएस योजना के अंतर्गत बकाया धनराशि पर सरचार्ज माफ होने से सदस्यों को विशेष आर्थिक राहत मिली, जिसे व्यापारियों ने स्वागतयोग्य कदम बताया।

जलकल के एक्सईएन प्रेमचंद आर्य ने चैम्बर को आश्वस्त किया कि जलकल विभाग सदस्यों की किसी भी प्रकार की बिल संबंधी समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह तत्पर है। उन्होंने कहा कि चैम्बर सदस्यों द्वारा संपर्क किए जाने पर जलकल विभाग यथासंभव त्वरित सहयोग प्रदान करेगा, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस अवसर पर कैम्प में चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल, अशोक गोयल, विकास बंसल, रवि बंसल, अनूप गोयल, अनिल वार्ष्णेय, पंकज अग्रवाल, दिनेश चंद सरस्वत, विकास, दीपक त्यागी सहित अनेक चैम्बर सदस्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor