छांगुर बाबा की 40 कमरों की आलीशान कोठी जमींदोज, एटीएस की गिरफ्त में नीतू उर्फ नसरीन

बलरामपुर (उत्तर प्रदेश)। उतरौला कस्बे में धर्मांतरण के आरोपों में गिरफ्तार जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा की आलीशान कोठी को प्रशासन ने आज बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। 40 कमरों वाली इस तीन बीघे में फैली कोठी को छह बुलडोजर लगाकर तोड़ा गया, जो नीतू उर्फ नसरीन के नाम पर पंजीकृत थी। जिलाधिकारी पवन अग्रवाल के अनुसार कोठी अवैध रूप से बनाई गई थी, और तीन बार नोटिस देने के बाद भी कोई जवाब न मिलने पर यह कार्रवाई की गई।

Jul 8, 2025 - 20:02
Jul 8, 2025 - 20:03
 0
छांगुर बाबा की 40 कमरों की आलीशान कोठी जमींदोज, एटीएस की गिरफ्त में नीतू उर्फ नसरीन
बलरामपुर जिले के उतरौला में छांगुर बाबा की आलीशान कोठी को ढहाते बुलडोजर।

-तीन बीघे में फैली थी 'धर्मांतरण फैक्ट्री', छह बुलडोजर से ढहाया गया अवैध महल

भारी सुरक्षा में चली कार्रवाई

ध्वस्तीकरण के दौरान पुलिस ने भारी फोर्स तैनात की, ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने। जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने साफ किया कि यह कार्रवाई पूरी तरह विधिसम्मत है और जांच में यदि और गड़बड़ियां सामने आती हैं तो कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

छांगुर की सबसे करीबी ‘नीतू’ थी धर्मांतरण का चेहरा

जांच में खुलासा हुआ है कि छांगुर बाबा ने नीतू उर्फ नसरीन का धर्मांतरण करवाकर उसे ‘धर्म परिवर्तन मिशन’ का चेहरा बना दिया था। इसी महिला के नाम पर यह आलीशान कोठी बनाई गई थी, जिसमें एसी से लेकर आलीशान फर्नीचर तक हर सुविधा मौजूद थी।

एटीएस ने नीतू उर्फ नसरीन को लखनऊ के विकास नगर स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया।

अरब-नेपाल से हवाला के जरिए आता था फंड, मुंबई में भी हैं लिंक

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, छांगुर बाबा का राइट हैंड मोहम्मद अहमद है, जो इस समय एक नाबालिग हिंदू लड़की को लेकर फरार है। मोहम्मद अहमद के खिलाफ वारंट जारी है। बताया जा रहा है कि उसकी मुंबई में सैकड़ों करोड़ की प्रॉपर्टी है, जहां अवैध गतिविधियां संचालित होने की भी खुफिया जानकारी है।

यह भी खुलासा हुआ है कि धर्मांतरण रैकेट को हवाला के माध्यम से अरब और नेपाल से फंडिंग होती थी, और यह रकम सलाहकार अब्दुल माबूद रज़ा व मोहम्मद अहमद खान के खातों में पहुंचती थी। सिर्फ एक सौदे में 50 लाख नकद और 18 करोड़ की जमीन के एग्रीमेंट सामने आए हैं।

महिला आयोग की अध्यक्ष ने की फांसी की मांग

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान ने इस पूरे प्रकरण को सुनियोजित साजिश करार देते हुए छांगुर बाबा को फांसी देने की मांग की है। उन्होंने कहा, हमारी बेटियां जबरन धर्म परिवर्तन की जहरीली विचारधारा की प्रयोगशाला नहीं हैं। ऐसे लोगों को समाज में रहने का हक नहीं।

SP_Singh AURGURU Editor