दिल्ली के लाल किले से गूंजेगा ‘महाराजा अग्रसेन’ का जयकारा, आगरा से सैकड़ों अग्रबंधु होंगे शामिल

10 अक्टूबर को दिल्ली के लाल किले स्थित लव-कुश रामलीला मैदान में महाराजा अग्रसेन जयंती का भव्य आयोजन होगा। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के इस कार्यक्रम में देशभर के अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों के साथ 25 देशों से प्रतिनिधियों के पहुंचने की जानकारी दी गई है। ब्रज क्षेत्र के 15 जिलों से सैकड़ों अग्रबंधु और आगरा से भी बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल होंगे। आगरा से अग्रबंधु सुबह पांच बजे दिल्ली रवाना होंगे। कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के शामिल होने की जानकारी दी गई। वहीं 25 अक्टूबर को आगरा में अग्रवाल संगठनों का स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

Oct 8, 2026 - 17:24
 0
दिल्ली के लाल किले से गूंजेगा ‘महाराजा अग्रसेन’ का जयकारा, आगरा से सैकड़ों अग्रबंधु होंगे शामिल
10 अक्टूबर को अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की ओर से दिल्ली में आयोजित महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह में आगरा से जाने वाले अग्र बंधुओं के कार्यक्रम की जानकारी देते आयोजक।

आगरा। देश के इतिहास में पहली बार दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के लव-कुश रामलीला मैदान से महाराजा अग्रसेन जी के जयकारों की गूंज सुनाई देगी। 10 अक्टूबर को अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में देशभर के अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों के साथ विदेशों से भी प्रतिनिधि पहुंचेंगे। ब्रज क्षेत्र के 15 जिलों से सैकड़ों अग्रबंधु इस ऐतिहासिक समारोह का हिस्सा बनेंगे, वहीं आगरा से भी बड़ी संख्या में समाज के लोग दिल्ली रवाना होंगे।

आयोजन को लेकर आगरा के अग्रवाल समाज में भी उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम की तैयारियों और आगरा से सहभागिता को लेकर लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रवाल सेवा सदन में आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय मंत्री विनय अग्रवाल ने आयोजन की जानकारी दी।

25 देशों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी से बनेगा ऐतिहासिक आयोजन

विनय अग्रवाल ने बताया कि 10 अक्टूबर का आयोजन सामान्य जयंती समारोह नहीं, बल्कि अग्रवाल समाज की एकजुटता और महाराजा अग्रसेन के सामाजिक विचारों को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने का अवसर होगा। समारोह में देश के विभिन्न हिस्सों के प्रतिनिधियों के साथ 25 देशों से प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज में समानता, सहयोग और समाजवाद की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया था। आज आवश्यकता है कि उनके विचार केवल समाज तक सीमित न रहें, बल्कि पूरे भारत और विश्व में समानता और सामाजिक समरसता का भाव मजबूत हो। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन का संकल्प है कि प्रत्येक अग्रवाल परिवार के घर के मंदिर में भगवान अग्रसेन की तस्वीर या प्रतिमा स्थापित हो, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उनके विचारों और आदर्शों से जुड़ी रहें।

आगरा से सुबह पांच बजे दिल्ली रवाना होंगे अग्रबंधु

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के ब्रज प्रदेश अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने बताया कि ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने के लिए आगरा से सैकड़ों अग्रबंधु 10 अक्टूबर को सुबह करीब 5 बजे लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लाल किले के लव-कुश रामलीला मैदान में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम अग्रवाल समाज की एकता, सामाजिक चेतना और महाराजा अग्रसेन के विचारों के प्रति आस्था का बड़ा मंच बनेगा।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रहेंगी मौजूद

आयोजन में कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी भी प्रस्तावित है। आयोजकों का कहना है कि देश की राजधानी के ऐतिहासिक स्थल पर होने वाला यह आयोजन महाराजा अग्रसेन के विचारों को व्यापक मंच देने के साथ अग्रवाल समाज की सामाजिक और राष्ट्रीय भूमिका को भी रेखांकित करेगा।

25 अक्टूबर को आगरा में होगा सम्मान समारोह

विनय अग्रवाल ने बताया कि दिल्ली के कार्यक्रम के बाद 25 अक्टूबर को आगरा में समस्त अग्रवाल संगठनों का स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें शहर के विभिन्न अग्रवाल संगठनों और उनके प्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से समाज के विभिन्न संगठनों को एक मंच पर लाने और सामाजिक एकजुटता को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

आमंत्रण पत्र विमोचन में जुटे समाज के पदाधिकारी

महाराजा अग्रवाल सेवा सदन में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष राजकुमार गर्ग, हेमलता अग्रवाल, विवेक गर्ग, प्रवीन अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, पूजा अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, जीनेश, दिनेश अग्रवाल, सुधीर गोयल, अरुण, अखिलेश गोयल, विजय कुमार गोयल सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि 10 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाला महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समानता, एकता, सहयोग और राष्ट्र निर्माण के विचारों को आगे बढ़ाने का बड़ा अवसर होगा।