पार्श्वनाथ भगवान के मोक्ष कल्याणक पर आगरा में गूंजे जयकारे, श्रद्धा से चढ़ाए निर्वाण लाड़ू

आगरा। भगवान पार्श्वनाथ के मोक्ष कल्याणक के अवसर पर बुधवार को आगरा के विभिन्न जैन मंदिरों में धार्मिक आयोजन हुए। छीपीटोला स्थित निर्मल सेवा सदन में अभिषेक, शांतिधारा और पूजा-अर्चना के साथ 23 किलो का निर्वाण लाड़ू अर्पित किया गया, जबकि गुदड़ी मंसूर खां स्थित श्री शीतलनाथ दिगंबर जैन मंदिर में 5 किलो 250 ग्राम का निर्वाण लाड़ू चढ़ाया गया। दोनों आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

Aug 19, 2026 - 21:15
 0
पार्श्वनाथ भगवान के मोक्ष कल्याणक पर आगरा में गूंजे जयकारे, श्रद्धा से चढ़ाए निर्वाण लाड़ू
छीपीटोला स्थित निर्मल सेवा सदन में भगवान पार्श्वनाथ के मोक्ष कल्याणक महोत्सव पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे श्रद्धालु।

छीपीटोला में निकली भगवान पार्श्वनाथ की पालकी

श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, छीपीटोला से भगवान पार्श्वनाथ की पालकी धूमधाम से निकाली गई। श्रद्धालुओं ने मार्ग में जगह-जगह भगवान की आरती उतारी। निर्मल सेवा सदन में श्रमण मुनिश्री 108 समत्व सागर महाराज, मुनिश्री 108 शील सागर महाराज और मुनिश्री 108 सुप्रभात सागर महाराज ससंघ के सानिध्य में भगवान पार्श्वनाथ का अभिषेक एवं शांतिधारा हुई।

अभिषेक एवं शांतिधारा के बाद पुजारियों, महिला मंडल, युवा मंच तथा सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और निर्वाण लाड़ू अर्पित किए। श्रद्धालुओं ने श्री सम्मेद शिखर पर्वत की वंदना भी की। दीप प्रज्ज्वलन, मुनिश्री का पाद प्रक्षालन और शास्त्र भेंट सहित विभिन्न मंगल कार्यक्रम हुए। भगवान पार्श्वनाथ को 23 किलो का निर्वाण लाड़ू समर्पित किया गया।

निर्वाण लाड़ुओं की बोली में प्रथम लाड़ू का सौभाग्य संयुक्त रूप से कैलाश चंद जैन जयपुर परिवार ने प्राप्त किया। द्वितीय नमोस्तु शासन संघ, तृतीय श्री पारस जैन परिवार तथा चतुर्थ का सौभाग्य दिनेश चंद गौरव जैन, राजीव कुमार नमन जैन, वीरेंद्र शास्त्री और गौरव जैन ने प्राप्त किया।

छीपीटोला के कार्यक्रम का मंच संचालन सतेंद्र जैन साहूला और पंडित विजय शास्त्री ने किया। इस मौके पर श्रुत मंथन वर्षायोग समिति के मनोज जैन, रमेश जैन, प्रवीन जैन (पद्मावती), आनंद जैन सहित सकल जैन समाज के लोग मौजूद रहे।

गुदड़ी मंसूर खां में निर्वाण लाड़ू चढ़ाया गया

गुदड़ी मंसूर खां स्थित श्री शीतलनाथ दिगंबर जैन मंदिर में शांतिनाथ महामंडल विधान के सातवें दिन भगवान पार्श्वनाथ के मोक्ष कल्याणक पर लाडू अर्पित करते श्रद्धालु।

गुदड़ी मंसूर खां स्थित श्री शीतलनाथ दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे 16 दिवसीय शांतिनाथ महामंडल विधान के सातवें दिन भगवान पार्श्वनाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव मनाया गया। श्रद्धालुओं ने 5 किलो 250 ग्राम का विशेष निर्वाण लाड़ू अर्पित कर पुण्यार्जन किया। मंदिर परिसर भगवान पार्श्वनाथ के जयकारों, मंगलाचरण और भक्तिमय भजनों से गूंज उठा।

मंत्रोच्चारण एवं धार्मिक विधि-विधान का मार्गदर्शन पंडित रविंद्र कुमार जैन शास्त्री एवं सौरभ जी जैन शास्त्री ने कराया। मंदिर व्यवस्थापक सुभाष जैन ने बताया कि विधान में प्रतिदिन करीब 200 से 250 श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। मंदिर एवं धर्मशाला परिसर का स्वर्ण शताब्दी वर्ष भी मनाया जा रहा है। इसके तहत आगामी महीनों में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में नरेश जैन, राकेश जैन पार्षद, वीरेंद्र कुमार जैन, रविंद्र जैन, प्रमोद कुमार जैन, प्रदीप जैन, सुभाष जैन, अशोक जैन, धर्मेश जैन, धर्मेंद्र जैन, सुनील जैन नायक, शशि जैन और विजय जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor