संजय प्लेस की पार्किंग में मचा बवाल: वकील से मारपीट पर व्यापारी उबले, थाने पर घंटों लगा रहा मजमा

आगरा। शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक केंद्र संजय प्लेस में पार्किंग को लेकर आज भारी बवाल खड़ा हो गया। चार्टर्ड अकाउंटेंट के पुत्र एवं कर अधिवक्ता शशांक अग्रवाल के साथ नगर निगम के ठेकेदार के कर्मचारियों ने पार्किंग शुल्क को लेकर विवाद में मारपीट कर दी। घटना से आक्रोशित व्यापारी एकजुट हो गए और इस घटना को लेकर तीखा विरोध दर्ज कराया।

Jul 3, 2025 - 15:30
Jul 3, 2025 - 15:38
 0
संजय प्लेस की पार्किंग में मचा बवाल: वकील से मारपीट पर व्यापारी उबले, थाने पर घंटों लगा रहा मजमा
संजय प्लेस में पार्किंग को लेकर हुई मारपीट के बाद हरीपर्वत थाने पर एकत्रित भीड़ के बीच में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल।  

ठेकेदार के लोगों व सीए के बीच हुई मारपीट

शशांक अग्रवाल, जिनका कार्यालय संजय प्लेस में है, रोज की तरह अपनी कार पार्क कर रहे थे, तभी ठेकेदार के दो कर्मचारियों से पैसे की मांग को लेकर कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि उन कर्मचारियों ने शशांक के साथ मारपीट शुरू कर दी। जवाब में अधिवक्ता ने उनकी पिटाई के रूप में जवाब दिया, जिससे पूरा इलाका हंगामे की चपेट में आ गया। मारपीट करने वालों में एक कर्मवीर बघेल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ा हुआ है। दूसरी ओर सीए शशांक अग्रवाल प्रमुख व्यवसायी और जनकपुरी कमेटी के संयोजक मुरारी प्रसाद अग्रवाल के भतीजे हैं।

मौके पर पहुंची पुलिस, थाने तक पहुंचा मामला

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को हरीपर्वत थाने ले जाया गया। यहां भी घंटों तक हंगामा और बहस का माहौल बना रहा। पुलिस दोनों पक्षों को धारा 151 (शांति भंग) में चालान करने पर अड़ी थी। पुलिस का कहना था कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे से मारपीट की है, जबकि वहां मौजूद लोग चाहते थे कि चालान के बजाय मामले को आपस में समझाकर निपटा दिया जाए।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के सख्त रुख से पलटी पुलिस

सूचना मिलने पर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल थाने पहुंच गए। उन्होंने लोगों की बात सुनने के बाद पुलिस से कहा कि चालान न किया जाए। पहले तो पुलिस ने नानुकुर की, लेकिन विधायक ने सख्ती दिखाई तो पुलिस ने दोनों पक्षों को बिना कार्रवाई के छोड़ दिया। वहां मौजूद लोगों की मांग पर विधायक ने पुलिस से कहा के ठेके की वैधानिकता की जांच कर कार्रवाई करें।

ठेका ही बना विवाद की जड़, व्यापारियों में उबाल

थाने पर मौजूद व्यापारियों, अधिवक्ताओं और भाजपा पार्षदों ने खुलकर ठेके के विरोध में आवाज उठाई। व्यापार मंडल अध्यक्ष टी.एन. अग्रवाल ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने यह ठेका गलत तरीके से उठाया, जिसकी शर्तों का लगातार उल्लंघन हो रहा है।

व्यापारियों का कहना है कि ठेकेदार के गुर्गे जबर्दस्ती वसूली करते हैं, रसीद तक नहीं देते, और आये दिन पार्किंग को लेकर विवाद, गाली-गलौज और मारपीट होती है। उन्होंने मांग की कि नगर निगम को ठेके की पूरी जांच कर इसे तत्काल निरस्त करना चाहिए।

अब होगी ठेके की जांच

घटना के बाद तय हुआ कि पुलिस ठेकेदार से दस्तावेज मांगकर ठेका शर्तों की जांच करेगी ताकि भविष्य में विवाद से बचा जा सके। लेकिन सवाल यही है कि अगर पुलिस और निगम समय रहते ध्यान देते तो आज यह नौबत क्यों आती?

SP_Singh AURGURU Editor