आगरा के बसई अरेला क्षेत्र में ट्यूशन पढ़ रहे बच्चों के हाथ लगी बंदूक, अचानक हुआ फायर; छात्र की जांघ में लगे छर्रे, नीलगाय और जंगली सुअर से फसल बचाने के लिए बुलाए गए शिकारी ने निर्माणाधीन मकान में रखी हुई थी बंदूक  

आगरा। बसई अरेला थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक निर्माणाधीन मकान में रखी बंदूक को कौतूहलवश देखने के दौरान अचानक फायर हो गया। हादसे में कक्षा 12 के छात्र मोहित पुत्र विनोद प्रजापति की बाईं जांघ में छर्रे लग गए। घायल छात्र को परिजनों ने उपचार के लिए आगरा के ईश्वरी देवी हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की।

Aug 8, 2026 - 22:04
 0
आगरा के बसई अरेला क्षेत्र में ट्यूशन पढ़ रहे बच्चों के हाथ लगी बंदूक, अचानक हुआ फायर; छात्र की जांघ में लगे छर्रे, नीलगाय और जंगली सुअर से फसल बचाने के लिए बुलाए गए शिकारी ने निर्माणाधीन मकान में रखी हुई थी बंदूक   

पुलिस के अनुसार 8 अगस्त 2026 को शाम करीब 5:22 बजे ग्राम बसई अरेला निवासी सुधा ने गोली चलने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि ओम शर्मा के निर्माणाधीन मकान में उनका बेटा आकाश कक्षा 12 के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता है। गांव में नीलगाय और जंगली सुअर से फसल की रखवाली के लिए कुछ शिकारी बुलाए गए थे। उनकी बंदूक इसी निर्माणाधीन मकान के अंदर रखी हुई थी।

ट्यूशन पढ़ने आए बच्चों की नजर बंदूक पर पड़ गई। पुलिस के मुताबिक बच्चे कौतूहलवश बंदूक को देखने लगे। इसी दौरान अचानक फायर हो गया और बंदूक से निकले छर्रे मोहित की बाईं जांघ में जा लगे।

घटना के बाद परिजन घायल मोहित को उपचार के लिए ईश्वरी देवी हॉस्पिटल, आगरा ले गए। पुलिस का कहना है कि मामले में अभी कोई प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। प्रार्थना पत्र मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना की सूचना के बाद एसीपी पिनाहट भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके की स्थिति की जांच की है।

SP_Singh AURGURU Editor