कान्हा के रंगों में सजी बच्चों की कल्पना, 21 स्कूल-कॉलेजों के 147 छात्र-छात्राओं ने दिखाई कलात्मक प्रतिभा
आगरा। संस्कार भारती आगरा महानगर की ओर से फतेहचंद इंटर कॉलेज में ‘चित्रकला के रंग, कान्हा जी के संग’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 21 स्कूल-कॉलेजों के 147 छात्र-छात्राओं ने श्रीकृष्ण, मोरपंख, बांसुरी और मटकी से जुड़े चित्रों के माध्यम से अपनी कलात्मक प्रतिभा प्रदर्शित की। विद्यालय के आसपास काम करने वाले श्रमिक वर्ग के 16 बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग ने कहा कि बच्चों ने विभिन्न रंगों के माध्यम से कान्हा और उनसे जुड़े प्रतीक चिह्नों को जिस तरह चित्रित किया, वह उनकी सजीव कल्पनाशीलता को प्रकट करता है। फतेहचंद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य योगेंद्र सिंह सिकरवार ने कहा कि बालपन की सृजनशीलता को सामने लाने में चित्रकला बड़ा माध्यम है और कान्हा जैसे प्रतीक से जुड़कर यह सृजनशीलता नए रंगों में सामने आती है।
कार्यक्रम की संयोजक चित्रकार डॉ. मीतू सिंह और डॉ. चेतना परिहार ने बताया कि 21 विद्यालयों के 147 विद्यार्थियों के अलावा 16 श्रमिक वर्ग के बच्चों ने भी हिस्सा लिया। एलकेजी से बीए तक के विद्यार्थियों ने रंगोली, कागज, कैनवस, पेपर प्लेट, हार्डबोर्ड, लकड़ी की प्लेट और मिट्टी के गमलों पर कलात्मक अभिव्यक्ति की। करीब 20 वर्ष बाद ब्रश हाथ में उठाने वाली महिला चित्रकार ममता कुकरेजा ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम में रतन मुनि जैन गर्ल्स इंटर कॉलेज, हिलमन पब्लिक स्कूल, आगरा कॉलेज, आरबीएस डिग्री कॉलेज, आरबीएस इंटर कॉलेज, सेंट कॉनरेड, सेंट पॉल चर्च कॉलेज, सेंट पॉल चर्च कॉलेज यूनिट सेकेंड, गायत्री पब्लिक स्कूल, सेंट थॉमस, टोरंटो पब्लिक स्कूल, बलूनी पब्लिक स्कूल, सेंट फ्रांसिस, रेड क्लिफ पब्लिक स्कूल, स्टेला मैरी पब्लिक स्कूल, सेंट क्लेयर्स, सेंट जॉन्स डिग्री कॉलेज, कंपोजिट विद्यालय और ऑल सेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य योगेंद्र सिंह इंदौलिया, उप प्रधानाचार्य संतोष कुमार दिवाकर, ललिता सरीन, शुभम वर्मा, सतीश गुप्ता, डॉ. आभा सिंह गुप्ता, ओम स्वरूप गर्ग, एडवोकेट एनएस भदौरिया, अंकिता अग्रवाल, गुंजन, नीता गर्ग, वंदना बंसल, नीनू गर्ग, महेश चंद शर्मा, एसएन गर्ग और चेतन परिहार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में नव्या, माही, काजल, कशफ, दानियाल, सिमरन, दीपांशी, कृष्णा, प्रतीक, खुशबू, वैष्णवी, कोमल, दुर्गेश, उरवी, अग्रिमा, टिया शर्मा, निखिल भंडारी, आद्विक, अनाया, स्नेहा, नैना, छवि, मनीषा, नैतिक, हर्षिता, साम्भवी, प्रिंस, किशांगी, हितेश, धैर्या, धर्मिता आदि प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र दिए गए।
कार्यक्रम का संचालन नन्द नन्दन गर्ग ने किया। स्वागत भाषण योगेंद्र सिंह इंदौलिया ने तथा धन्यवाद ज्ञापन ओम स्वरूप गर्ग ने किया।