बरेली में आठवीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, दो युवकों ने गन्ने के खेत में खींचकर की वारदात
- आरके सिंह- बरेली। नवाबगंज क्षेत्र में बकरी चराने गई आठवीं कक्षा की छात्रा को दो युवकों द्वारा कथित तौर पर गन्ने के खेत में खींचकर ले जाने और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद आरोपी विमलेश और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो अधिनियम, धमकी देने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें और एसओजी को लगाया है। मंगलवार को पुलिस ने क्षेत्र में कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन अभी तक आरोपी हाथ नहीं आए हैं।

घटनास्थल का निरीक्षण करते वरिष्ठ पुलिस अधीश्रक अनुराग आर्य।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चन्द्र मिश्रा के अनुसार, घटना रविवार शाम की है। 14 वर्षीय छात्रा अपने पड़ोस में रहने वाले एक आठ वर्षीय बालक के साथ बकरी चरा रही थी। इसी दौरान विमलेश अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि दोनों युवक छात्रा को जबरन गन्ने के खेत में खींचकर ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस के मुताबिक, छात्रा के साथ मौजूद आठ वर्षीय बालक ने घटना देखी। इसके बाद वह मौके से भागकर करीब आधा किलोमीटर दूर घास काट रही अपनी मां के पास पहुंचा और उसे पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर बालक की मां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक दोनों आरोपी वहां से फरार हो चुके थे।
घटना के बाद छात्रा ने परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर थाना नवाबगंज में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए और उसे चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने सोमवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारी को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने नामजद आरोपी विमलेश की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की हैं। इसके साथ ही एसओजी को भी जांच और आरोपियों की तलाश में लगाया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पूछताछ और पीड़िता के बयान के आधार पर दूसरे आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
मंगलवार को पुलिस टीमों ने क्षेत्र में कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन दोनों आरोपियों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।