ब्रज की स्वच्छता अब जनआंदोलन, रमणरेती में 250 स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान, ब्रजवासियों और श्रद्धालुओं से स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान
मथुरा। ब्रज की पावन धरा को स्वच्छ, सुंदर और दिव्य बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा 'हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है' महाअभियान रविवार को गोकुल स्थित रमणरेती आश्रम में जनभागीदारी का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, स्थानीय निकायों तथा हार्टफुलनेस संस्था के संयुक्त प्रयास से आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान में 250 से अधिक स्वयंसेवकों, बटुकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर आश्रम परिसर, मुख्य मार्ग और सरोवर क्षेत्र की व्यापक सफाई की। अभियान के दौरान श्रद्धालुओं को भी स्वच्छ ब्रज का संदेश देते हुए स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी मानकर सहयोग करने की अपील की गई।
अभियान का नेतृत्व उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश चंद्र ने किया। स्वयंसेवकों ने झाड़ू लगाकर, कचरा एकत्रित कर और पूरे परिसर को स्वच्छ बनाकर पर्यावरण संरक्षण तथा धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने का संदेश दिया।
डिप्टी सीईओ सतीश चंद्र ने कहा कि ब्रज स्वच्छता महाअभियान अब धीरे-धीरे जनआंदोलन का रूप ले रहा है। प्रमुख तीर्थस्थलों पर प्रतिदिन नियमित सफाई कराई जा रही है, जबकि प्रत्येक रविवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर आमजन की भागीदारी बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि ब्रज की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत का संरक्षण तभी संभव है, जब प्रत्येक ब्रजवासी और श्रद्धालु इसे अपना नैतिक दायित्व समझे।
हार्टफुलनेस के उत्तर प्रदेश रीजनल फैसिलिटेटर अनुपम अग्रवाल ने लोगों से अपील की कि कूड़ा केवल निर्धारित कूड़ेदान में ही डालें और स्वच्छ ब्रज के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
हार्टफुलनेस मथुरा समन्वयक निशांत शर्मा ने कहा कि दाजी के आह्वान पर संस्था के स्वयंसेवक ब्रज की स्वच्छता, पवित्रता और गौरव की पुनर्स्थापना के लिए पूरी निष्ठा और सेवाभाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान आने वाले समय में और अधिक व्यापक स्वरूप ग्रहण करेगा।
अभियान में मथुरा के अलावा आगरा, अलीगढ़, हाथरस, मेरठ और नोएडा से आए हार्टफुलनेस के अभ्यासी एवं स्वयंसेवकों ने भी उत्साहपूर्वक श्रमदान किया। इस दौरान सुरेंद्र शर्मा, ऋषि तोमर, जितेंद्र पाल सिंह, महेश पाल सिंह, सुभाष चंद, यतेंद्र सिंह, ज्योति, पवन, शैलेंद्र, जे.पी. सिंह, रमेश वर्मा, संदीप खन्ना, भगवान सिंह, शंकर पाल, सुषमा, सुधा और देवी सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि ब्रज की स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक ब्रजवासी और श्रद्धालु का साझा दायित्व है। जनसहभागिता के माध्यम से ही ब्रज की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखा जा सकता है।