सहेली वेलफेयर सोसाइटी के स्थापना दिवस में नृत्य, संस्कृति और संस्कारों का संगम

आगरा। भारत की सांस्कृतिक विविधता और एकता की भावना को जीवंत करती नृत्य-नाटिका, विद्यार्थियों की प्रतिभा का सम्मान और सामाजिक सेवा का संकल्प, इन्हीं भावों के साथ सहेली वेलफेयर सोसाइटी का 15वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में उपहारों और पुरस्कारों की बौछार से विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे, वहीं सभागार में उमंग और उल्लास का माहौल छाया रहा।

Dec 18, 2025 - 19:03
 0
सहेली वेलफेयर सोसाइटी के स्थापना दिवस में नृत्य, संस्कृति और संस्कारों का संगम
सहेली वेलफेयर सोसाइटी के स्थापना दिवस समारोह की एक झलक।

कार्यक्रम का शुभारम्भ बैकुंठी देवी महाविद्यालय की प्राचार्य पूनम सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रेखा गुप्ता, संस्थापिका मीनाक्षी खंडेलवाल, रजनी रावत, रानी जैन, अध्यक्ष भावना जैन, सचिव प्रवीणा शर्मा और कोषाध्यक्ष श्वेता गर्ग द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। गणपति वंदना के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई।

वर्ष भर प्राथमिक विद्यालयों में आयोजित चित्रकला एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं के लगभग 30 विजेता विद्यार्थियों को मंच से मेडल, प्रमाण-पत्र और उपहार प्रदान किए गए।

संस्था की सचिव प्रवीणा शर्मा ने बीते वर्ष के दौरान सहेली वेलफेयर सोसाइटी द्वारा किए गए सामाजिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली किसांगी ने “हमें गीता क्यों पढ़नी चाहिए” विषय पर प्रभावशाली विचार रखे।
बाल लोकगायिका राशी शर्मा ने बिहार के लोकगीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर खूब तालियाँ बटोरीं।

संस्थापिका रजनी रावत ने बच्चों से आह्वान किया कि वे भारतीय संस्कृति और सभ्यता से जुड़कर देश को सशक्त और विकसित बनाने में अपनी भूमिका निभाएँ।

कार्यक्रम के दौरान संस्था की नई कार्यकारिणी के गठन की घोषणा भी की गई। संस्थापिका मीनाक्षी खंडेलवाल और रानी जैन ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके कार्यकाल में संस्था नई ऊँचाइयों को छुएगी और समाजहित में और अधिक प्रभावी कार्य करेगी।

कार्यक्रम का संचालन श्वेता गर्ग और नीलिमा शर्मा ने किया। इस अवसर पर सहेली परिवार की वंदना सिंगल, कविता गुप्ता, ममता पाराशर, रेखा जैन, रचना जैन, राशी शर्मा, विनीता, पूनम, पारुल, हर्ष, सारिका, करिश्मा, छाया, प्रीति, डेमल, नीलम, ललिता, सुधा, लवी, निधि, अर्चना सक्सेना सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

सहेली वेलफेयर सोसाइटी का यह स्थापना दिवस न केवल उत्सव का अवसर बना, बल्कि समाज, संस्कृति और संस्कारों को सहेजने का एक सशक्त संदेश भी देकर गया।

Top of Form

Bottom of Form

Bottom of Form

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor