नृत्य, दीपों और संस्कृति का संगमः आगरा में गरबा-डांडिया की गूंज के संग मना दिवाली उत्सव

आगरा। ताजनगरी की फिजाओं में सोमवार रात संस्कृति, संगीत और सौहार्द की मधुर झंकार घुली रही। भारत विकास परिषद नवज्योति शाखा द्वारा फतेहाबाद रोड स्थित बैंबू वुड रिसोर्ट्स में आयोजित दिवाली महोत्सव और दीपदान कार्यक्रम में गुजराती पारंपरिक नृत्य और ब्रज संस्कृति का ऐसा समागम देखने को मिला, जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच पर जब ढोल बाजे और गरबा की रात है...जैसे गीत गूंजे तो महिलाएं, बच्चे और पुरुष सभी पारंपरिक वेशभूषा में नृत्यरत हो उठे।

Oct 28, 2025 - 21:54
 0
नृत्य, दीपों और संस्कृति का संगमः आगरा में गरबा-डांडिया की गूंज के संग मना दिवाली उत्सव
भारत विकास परिषद नवज्योति शाखा के दीवाली उत्सव में आयोजित गरबा-डांडिया की एक झलक।

कार्यक्रम में गरबा-डांडिया की मस्ती के साथ दीपदान का पावन अनुष्ठान भी संपन्न हुआ। अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल ने कहा कि यह आयोजन केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि भारतीय परंपरा और पारिवारिक एकता का उत्सव है। उन्होंने बताया कि नवज्योति शाखा हर वर्ष दिवाली को सांस्कृतिक सौहार्द के रूप में मनाती है।

संस्थापक प्रो. सुगम आनंद, संरक्षक श्रीनाथ गुप्ता, अजय शिवहरे, प्रदीप अग्रवाल, बसंत गुप्ता, केशव गुप्ता, प्रमोद सिंघल, डॉ. अमित सिंघल, उमेश बंसल, गुंजन अग्रवाल सहित सभी सदस्य परिवार की तरह एकजुट होकर मिट्टी के दीपों से दीपदान करते हुए सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
सेल्फी प्वाइंट पर रंगीन दीपमालाओं और झिलमिल रोशनी के बीच लोग यादगार क्षणों को कैमरे में कैद करते नजर आए।

SP_Singh AURGURU Editor