भक्ति, परंपरा और अनुशासन का संगम: श्रीकृष्ण लीला महोत्सव ने 102वें वर्ष में रचा नया इतिहास

आगरा। सौ से अधिक वर्षों की आस्था यात्रा ने शुक्रवार को एक और गौरवशाली मुकाम छू लिया। बल्केश्वर स्थित गौशाला प्रांगण में आयोजित 102वां श्रीकृष्ण लीला महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और समर्पण की अनूठी मिसाल बनकर संपन्न हुआ। समापन अवसर पर हुए विश्राम हवन और सम्मान समारोह ने आयोजन को भावनात्मक ऊंचाई दी, जहां अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा, हमारा सपना था श्रीकृष्ण लीला को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना, आज वह साकार हुआ।

Nov 7, 2025 - 21:25
 0
भक्ति, परंपरा और अनुशासन का संगम: श्रीकृष्ण लीला महोत्सव ने 102वें वर्ष में रचा नया इतिहास
बल्केश्वर स्थित गौशाला प्रांगण में श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के विश्राम अवसर पर सम्मानित किये गये कर्मचारियों के साथ अध्यक्ष मनीष अग्रवाल व समिति के सदस्य।

श्रीकृष्ण लीला महोत्सव का समापन शुक्रवार को विश्राम हवन और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के सम्मान समारोह के साथ हुआ। पूरे परिसर में हरिनाम संकीर्तन और ‘जय श्रीकृष्ण’ के गगनभेदी जयघोषों से वातावरण भक्ति से सराबोर हो उठा।
हवन पंडित किशन, कोयल पंडित जी, अनंत उपाध्याय और मुकेश शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया।

समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने भावनात्मक शब्दों में कहा कि यह आयोजन सिर्फ मंचीय प्रस्तुति नहीं बल्कि भक्ति, अनुशासन और जनसहयोग का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने नगर आयुक्त, एडीएम सिटी, और कमलानगर थानाध्यक्ष सहित सभी प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया, लेकिन साथ ही सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर भी चिंता जताई।

कार्यक्रम का समापन भगवान श्रीकृष्ण की आरती, पूर्णाहुति और पुष्पांजलि के साथ हुआ, जहां उपस्थित भक्तों ने संकल्प लिया कि 103वां लीला महोत्सव और अधिक भव्यता, अनुशासन और सुरक्षा के साथ मनाया जाएगा।

इस वर्ष लीला महोत्सव में चुनरी महोत्सव, गोचरण यात्रा, रक्तदान शिविर और मेहंदी रस्म जैसी गतिविधियाँ आकर्षण का केंद्र रहीं। मंच पर प्रस्तुत अभिमन्यु लीला, काले खान की लीला और मीरा चरित्र ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। परंपरा और समकालीन संवेदना का यह संगम लीला की गरिमा को नई ऊँचाई तक ले गया।

समापन अवसर पर कर्मठ कर्मचारियों प्रीतम सिंह फौजी, अशोक काका, राजकुमार, अरविंद खंडेलवाल, विकास, रवि, किशन, आकाश और केशव को समिति की ओर से सम्मानित किया गया। समिति के महामंत्री विजय रोहतगी, कोषाध्यक्ष संजय गर्ग, लीला संयोजक शेखर गोयल, अशोक गोयल, ब्रजेश अग्रवाल, मनोज बंसल, लक्ष्मण शर्मा, विष्णु अग्रवाल, अनूप गोयल, सुजाता अग्रवाल, नीरू रोहतगी, केसी अग्रवाल, विनीत, पीके मोदी, तनु गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor