स्वतंत्रता दिवस पर आगरा में सेवा और राष्ट्रभक्ति का संगम, रक्तदान से लेकर तिरंगा समारोह तक दिखा देशप्रेम

आगरा में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के साथ सामाजिक सेवा और एकता की मिसाल देखने को मिली। खेरागढ़ में अपना घर सेवा समिति के सर्वजातीय रक्तदान शिविर में 175 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। कार्यक्रम में डॉ. माधुरी भारद्वाज, सांसद राजकुमार चाहर, विधायक भगवान सिंह कुशवाहा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं अखिल भारतीय जाट एकता एसोसिएशन के पुनीत एस्टेट कार्यालय पर ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और देशभक्ति कार्यक्रमों के बीच राष्ट्रहित व सामाजिक एकता का संकल्प लिया गया। कमला नगर के जनक पार्क में जनक पार्क विकास समिति ने तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन किया, जिसमें आगरा एसोसिएशन ऑफ डेफ के सदस्यों ने भी सहभागिता की।

Aug 15, 2026 - 18:54
 0
स्वतंत्रता दिवस पर आगरा में सेवा और राष्ट्रभक्ति का संगम, रक्तदान से लेकर तिरंगा समारोह तक दिखा देशप्रेम
रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र देते सांसद राजकुमार चाहर व अन्य। नीचे चित्र में ध्वजारोहण करते विभिन्न संगठनों के सदस्य।

 

आगरा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आगरा और आसपास के क्षेत्रों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सेवा और एकता का उत्साह देखने को मिला। खेरागढ़ में अपना घर सेवा समिति ने सर्वजातीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित कर 175 यूनिट रक्त एकत्रित किया। वहीं आगरा के पुनीत एस्टेट स्थित अखिल भारतीय जाट एकता एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय पर ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रहित और सामाजिक एकता का संकल्प लिया गया। कमला नगर के जनक पार्क में जनक पार्क विकास समिति की ओर से आयोजित समारोह में समिति के सदस्यों के साथ आगरा एसोसिएशन ऑफ डेफ के सदस्यों ने भी सहभागिता की। तीनों आयोजनों में देशभक्ति, शहीदों के प्रति कृतज्ञता और समाजसेवा का संदेश प्रमुख रहा।

खेरागढ़ में  175 यूनिट रक्तदान से मनाया स्वतंत्रता दिवस

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी अपना घर सेवा समिति, खेरागढ़ की ओर से सर्वजातीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और कुल 175 यूनिट रक्तदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपना घर आश्रम, भरतपुर की संस्थापिका डॉ. माधुरी भारद्वाज तथा विशिष्ट अतिथि सांसद राजकुमार चाहर, विधायक भगवान सिंह कुशवाहा, नगर पंचायत अध्यक्ष सुधीर गर्ग और पूर्व विधायक महेश गोयल ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

रक्तदान को बताया मानवता की सबसे बड़ी सेवा

शिविर में रक्तदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया। सांसद राजकुमार चाहर ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। किसी जरूरतमंद मरीज को रक्त उपलब्ध कराना उसके जीवन को बचाने का माध्यम बन सकता है। उन्होंने रक्तदाताओं और आयोजन समिति के सदस्यों का हृदय से अभिनंदन किया। समिति के संस्थापक रम्मो लाल गोयल, संरक्षक कृष्ण कुमार पंसारी, अध्यक्ष गिर्राज किशोर सिंघल, सचिव देवेंद्र कुमार मित्तल और वित्त सचिव संजय बंसल ने सांसद, विधायक और चेयरमैन के साथ रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम संयोजक मिलन लाल गर्ग और विजय गर्ग ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके योगदान की सराहना की। समिति की महिला पदाधिकारियों ने रक्तदाताओं के लिए जूस और अल्पाहार की व्यवस्था की।

जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराया जाता है रक्त

समिति के ब्लड प्रबंधक प्रमोद कुमार मित्तल और प्रभात कुमार मंगल ने बताया कि शिविर में एकत्रित रक्त को समय-समय पर जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान का उद्देश्य केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि जरूरत के समय मरीजों को जीवनरक्षक रक्त उपलब्ध कराना है। मुख्य अतिथि डॉ. माधुरी भारद्वाज के साथ अपना घर आश्रम, भरतपुर से आए वीरपाल ने भी रक्तदान कर समाज को प्रेरणादायी संदेश दिया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी भगवान मित्तल, मनीष गर्ग, दिनेश गर्ग, नरेश मंगल, देवेंद्र सिंघल और सचिन गोयल मौजूद रहे। महिला मंडल से इंदु मित्तल, ललिता मित्तल, निधि जिंदल, लक्ष्मी गर्ग, मंजू सिंघल और उमा बंसल सहित राजेश अग्रवाल तथा अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

तिरंगे के नीचे गूंजा राष्ट्रहित और सामाजिक एकता का संकल्प

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय जाट एकता एसोसिएशन के पुनीत एस्टेट स्थित केंद्रीय कार्यालय पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्री कृपालु किंकर जी, श्री हरेंद्र सिंह चाहर और श्री उदयवीर सिंह बीओ ने संयुक्त रूप से तिरंगा फहराया। इसके बाद राष्ट्रहित और समाज की एकता का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक राष्ट्रगान और श्री के.के. नागर के वंदेमातरम गायन से हुआ। संगठन की अगस्त माह की बैठक देशभक्ति और शहीदों के प्रति कृतज्ञता की भावना से ओतप्रोत रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय संरक्षक भागवताचार्य कृपालु किंकर परिहार ने की, जबकि संचालन अंतरराष्ट्रीय मैराथन मेडलिस्ट डॉ. जे.पी. सिंह ने किया।

कविता पाठ और देशभक्ति गीत रहे आकर्षण

कार्यक्रम में कु. दिव्या आर्य का कविता पाठ और युवा आह्वान आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं श्रीमती सुनीता चौधरी की मुख्य आवाज में मातृशक्ति ने देशभक्ति गीत ‘जहां डाल-डाल पर बैठीं चिड़ियां करती हैं सवेरा, जहां सत्य-अहिंसा का है पग-पग डेरा, वो भारत देश है मेरा’ प्रस्तुत किया। इस गायन में श्रीमती मधु चौधरी, श्रीमती सतेन्दरी आर्य, श्रीमती रेखा, श्रीमती कमलेश और प्रिया चाहर ने समवेत स्वर में साथ दिया। गीत ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से भर दिया। संगठन के प्रधान श्री जयवीर सिंह आर्य ने समाज को आडंबर और अंधविश्वास से दूर रहने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि श्री हरेंद्र सिंह चाहर, पूर्व विधायक स्व. श्री हुक्म सिंह के सुपुत्र एवं राष्ट्रीय संवाहक, तथा एसोसिएशन के संरक्षक श्री उदयवीर सिंह ने भी विचार रखे। अन्य वक्ताओं में श्री राजवीर सिंह नरवार, पूर्व प्रमुख स्व. चौधरी फतेह सिंह के सुपुत्र, श्री एन.के. राना और चौधरी ख्याली राम प्रमुख रहे। श्री लाखन सिंह, श्रीमती रेखा नागर और श्री किशोर नागर के संबोधन ने भी उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। कार्यकारी अध्यक्ष श्री विपिन चौधरी, पूर्व मैनेजर, ने सभी का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया। 

जनक पार्क में शान से लहराया तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनक पार्क विकास समिति, कमला नगर की ओर से जनक पार्क में भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समिति के सदस्यों के साथ आगरा एसोसिएशन ऑफ डेफ के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समिति के अध्यक्ष सीए राकेश अग्रवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित लोगों ने देश की आजादी कलिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। समारोह के दौरान पूरे जनक पार्क में देशभक्ति का माहौल रहा। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में समिति के सचिव मोहित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष राजीव सिंघल, विनोद जैन, सुनील बंसल, संजीव अग्रवाल और ओ.पी. अग्रवाल सहित जनक पार्क विकास समिति के अनेक सदस्य मौजूद रहे। आगरा एसोसिएशन ऑफ डेफ के सदस्यों की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष बनाया।